दुर्ग

केन्द्र से नहीं हुआ उठाव, 23 लाख क्विंटल धान जाम
14-Dec-2024 4:25 PM
केन्द्र से नहीं हुआ उठाव, 23 लाख क्विंटल धान जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 दिसंबर। धान खरीदी बंद होने से भडक़े दर्जन भर ग्रामों के किसान आज कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे में खरीदी शुरू नहीं होने पर धान लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच उनके सुपुर्द करने की चेतावनी दी है। जिले में आज एक भी उपार्जन केन्द्र से धान उठाव नहीं इससे उपार्जन केन्द्र में जाम धान की मात्रा बढक़र 22 लाख 85 हजार 40 क्विंटल तक पहुंच गई है।

धर्मेश देशमुख के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि विगत एक सप्ताह से नगपुरा-भेडसर -दमोदा सोसायटी मे धान खरीदी पूर्णत: बंद है, जिससे क्षेत्र के किसान परेशान हैं। प्रशासन का यह रवैया किसानों के साथ अन्यायपूर्ण है। इस बीच कई दिनों से अधिकारी कर्मचारी से निवेदन करने के पश्चात भी किसी भी प्रकार का राहत किसानों को नहीं मिला, जो कि भाजपा सरकार के अधिकारियों की असंवेदनशीलता को प्रमाणित करता है। यही कारण आज मजबूरन किसानों को आना पड़ा है।

उन्होंने कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा है कि 24 घंटे के भीतर धान खरीदी चालू की जाए अन्यथा सोमवार को नगपुरा दमोदा भेडसर सोसाइटी के किसान अपना सभी धान लेके कलेक्टर कार्यालय में लाकर शांतिपूर्ण तरीके से सुपुर्द करेंगे। क्योंकि यदि मौसम खराब हुआ तो किसानों के पास धान रखने की व्यवस्था न होने से धान खराब हो जाएगा।

उनका धान जिला कार्यालय में सुरक्षित रहेगा ,इस मंशा से सभी किसान कार्यालय में धान लेकर कलेक्टर को सुपुर्द करने मजबूर होंगे इसलिए अविलंब धान उठाव कर खरीदी प्रारंभ कराई जाए। जिले के नगपुरा, दमोदा, भेडसर, सांतरा, कन्हारपुरी एवं डोडक़ी में आज भी धान खरीदी बंद रही। वहीं धान उठाव नहीं होने से सोमवार को और भी केन्द्रों धान खरीदी बंद होने की संभावना बताई जा रही है। खरीदी बंद होने के बाद भी उठाव को लेकर ठोस पहल नहीं किए जाने पर किसानों ने आश्चर्य व्यक्त की है।


अन्य पोस्ट