दुर्ग

पतोरा सरपंच बर्खास्त, 6 साल के लिए चुनाव के अयोग्य घोषित
13-Dec-2024 2:35 PM
पतोरा सरपंच बर्खास्त, 6 साल के लिए चुनाव के अयोग्य घोषित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 दिसंबर।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित एफएसटीपी (फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) को लेकर पतोरा का खूब डंका बजा उसी के हिसाब-किताब में कथित गड़बड़ी एवं जर्जर स्कूल भवन  के डिस्मेंटल के लिए अनुमोदन नहीं लिए जाने के मामले में ग्राम पंचायत पतोरा की सरपंच अंजिता साहू को बर्खास्त कर दिया गया। 

उक्त आरोप में पंचायती राज अधिनियम की धारा 40 के तहत पाटन एसडीएम लवकेश ध्रुव ने यह कार्रवाई की है। पद से हटाए जाने के साथ अंजिता साहू को पद से हटाए जाने के साथ ही चुनाव के लिए छह साल के लिए अयोग्य भी घोषित किया गया है। इस एफएसटीपी प्लांट की स्थापना और इसके कामकाज के संचालन को लेकर सरपंच के रूप में अंजिता साहू दिल्ली में राष्ट्रपति सहित विभिन्न कार्यों के लिए अनेक जगहों पर सम्मानित हो चुकी है।

जानकारी के मुताबिक पतोरा के लगभग आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने जिला पंचायत में सरपंच के खिलाफ जुलाई 2024 मे शिकायत करते हुए जांच कर व धारा 40 के तहत कार्रवाई की मांग की थी। इस पर जिला पंचायत के लेखाधिकारी कुलदीप देवांगन, उप अंकेक्षक जिला पंचायत माधवी साहू और आरईएस के एसडीओ डीएस गौर की टीम से मामले की जांच कराई गई थी। अधिकारियों के जांच प्रतिवेदन के आधार पर एफएसटीपी के आय-व्यय का समुचित रिकॉर्ड संधारित नहीं होने और इसकी जानकारी पंचायत सचिव को नहीं दिए जाने के साथ जर्जर स्कूल के डिस्मेंटल में नियमों का पालन नहीं किए जाने को लेकर प्रकरण दर्ज कर एसडीएम पाटन के न्यायालय में सुनवाई की गई। इस सुनवाई के दौरान सरपंच ने प्रकरण पर अपना पक्ष रखने के साथ ग्रामीणों के आरोप को निराधार बताते हुए महिला सरपंच होने के चलते राजनीति द्वेषवश शिकायत किए जाने के हवाला देते हुए मामला निरस्त किए जाने की मांग की थी।

एसडीएम द्वारा जारी आदेश के अनुसार  एफएसटीपी के संबंध में सरपंच द्वारा गतिमाप पुस्तक, एफएसटीपी ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस लॉ बुक, आय पत्र उपलब्ध कराया गया, लेकिन एफएसटीपी के संचालन से प्राप्त राशि जमा किए जाने, व्यय किए जाने, जमा रसीद वाउटर फाइल के संबंध में कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। 

आय-व्यय के संबंध में ग्राम पंचायत, ग्रामसभा के अनुमोदन के संबंध में साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराया गया। दस्तावेजों में सचिव के हस्ताक्षर भी नहीं पाए गए। इसे छग पंचायत लेखना नियम 1999 और छग पंचायत नियम 1994 का उल्लंघन माना गया।

डिस्मेंटल से प्राप्त सामग्री का स्टॉक पंजी नहीं बनाया गया और न ही सामग्री नीलाम की गई। इस तरह छग ग्राम पंचायत फीस संग्रहण का पट्टा) नियम 1995, छग पंचायत ग्राम के सरपंच की शक्तियां तथा कृत्य नियम 1994 तथा पंजायत राज अधिनियम 1993 का पालन नहीं होना पाया गया। एसडीएम ध्रुव ने बताया कि मामले में पतोरा को बर्खास्त कर दिया गया है।


अन्य पोस्ट