दुर्ग
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 12 दिसंबर से करेंगे अनिश्चितकालीन आंदोलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 दिसंबर। उपार्जन केन्द्रों में कार्यरत डाटा एंट्री आपरेटर फिर लामबंद हो गए हैं। वे अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 12 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे। प्रांतीय संगठन के आव्हान पर प्रदेश भर से ये डाटा एंट्री राजधानी रायपुर में एकत्रित होकर धरना देंगे।
छग समर्थन मूल्य धान खरीदी आपरेटर संघ के संरक्षक नरेश साहू ने बताया कि केबिनेट मंत्री दयालदास बघेल व श्याम बिहारी जायसवाल ने पूर्व किए गए आंदोलन के दौरान उनकी मांगों पर पहल का आश्वासन दिए थे। इसके पश्चात आंदोलन स्थगित किया गया था मगर आश्वासन पश्चात आज पर्यन्त तक उनकी मांगों पर कोई विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसलिए प्रांतीय संगठन के आव्हान पर 3 सूत्रीय मांग को लेकर स्थगन आंदोलन को पुन: प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। उनका यह आंदोलन 12 दिसंबर से मांग पूरी होने तक माना तूता धरना स्थल नवा रायपुर में जारी रहेगा
संघ के प्रांताध्यक्ष के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि धान खरीदी कम्प्यूटरीकरण वर्ष 2007 से डॉटा एन्ट्री आपरेटर विगत 17 वर्षों से कार्यरत हैं। समर्थन मूल्य धान खरीदी के तहत धान उपार्जन केन्द्रो में कार्यरत इन डॉटा एन्ट्री आपरेटर को खाद्य विभाग में संविलियन किया जाए।
नवीन वित्त निर्देश 22/2023 के अनुसार संविदा वेतनमान में 27 प्रतिशत वृद्धि का लाभ प्रदान कर 23350 रूपये मासिक संविदा वेतनमान अगस्त 2023 से प्रदान किया जाए। साथ ही धान खरीदी नीति खरीफ विपणन वर्ष 2024-2025 की कंडिका-11.3.3 में आगामी खरीफ वर्ष 2025-2026 में समितियों में डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों की व्यवस्था छ.ग. राज्य सहकारी विपणन संघ द्वारा ऑउट सोर्सिग से नियोजित करने के संबंध में माह अप्रैल 2025 में कार्रवाई करने की बात कही गई है जिसको विलोपित किया जाए ।
उनका कहना है कि इस आंदोलन में प्रदेश भर के धान उपार्जन केन्द्रों में छ.ग. शासन द्वारा नियोजित 2739 डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल होंगे। इससे छ.ग. शासन के वर्तमान में चल रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अति महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होगी। जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन की होगी