दुर्ग

स्वच्छता रैली को गृहमंत्री ने झंडी दिखाकर किया रवाना
10-Dec-2024 3:31 PM
स्वच्छता रैली को गृहमंत्री ने  झंडी दिखाकर किया रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 दिसंबर। राज्य सरकार गठन के एक वर्ष पूरा होने पर निगम सीमा क्षेत्र अंर्तगत विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला सोमवार से शुरू हुई। पहले दिन इंदिरा मार्केट क्षेत्र से स्वच्छता रैली निकाली गई। इस रैली को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस दौरान विधायक गजेंद्र यादव, ललित चंद्राकर तथा ईश्वर साहू विशेष रूप से मौजूद थे। स्वच्छता रैली इंदिरा मार्केट चौक से कुआं चौक होते हुए पार्किंग स्थल पर समाप्त हुआ। कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने उपनेता प्रतिपक्ष देवनारायण चंद्राकर के साथ लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। स्वच्छता रैली में निगम के सफाई कर्मियों और सामाजिक संगठन के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वच्छता लोगों ने स्वच्छता को स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताया। मौके पर पार्षद शिवेंद्र परिहार, काशीराम कोसरे, मनीष साहू, अजीत वैद्य, कमल देवांगन, कुलेश्वर साहू, दिनेश देवांगन, सहित जनप्रतिनिधियों के अलावा निगम के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने निगम प्रशासन द्वारा 20 दिसंबर तक अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसके तहत 10 एवं 11 दिसंबर को निकाय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले समस्त जल स्रोतों, तालाब एवं सार्वजनिक क्षेत्र में आमजनों के माध्यम से सफाई अभियान किया जाना है। 12 दिसम्बर को निकाय क्षेत्र में आने वाले समस्त शासकीय एवं गैर-शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक, व्यावसायिक क्षेत्र/प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जाना है। 13 दिसम्बर को निकाय के प्रमुख चौक-चौराहों/ बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनों में जागरूकता लाने के साथ-साथ शासन द्वारा विभिन्न जनहितैषी योजनाओं का महत्व आमजनों तक पहुंचाया जाएगा।


अन्य पोस्ट