दुर्ग

पंजीयन से वंचित किसान ने जनदर्शन में लगाई गुहार
10-Dec-2024 3:26 PM
पंजीयन से वंचित किसान ने जनदर्शन में लगाई गुहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 दिसंबर। छग प्रगतिशील किसान संगठन ने जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर धान आ रही समस्या से राहत दिलाने एवं जल्द व्यवस्था सुधारने मांग की है। वहीं पंजीयन से वंचित एक कृषक ने भी जनदर्शन में पहुंचकर गुहार लगाई। जनदर्शन में आज जनसामान्य की ओर से कुल 130 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम रेंगाकठेरा निवासी कृषक ने बताया कि ऋण पुस्तिका में त्रुटि सुधार किया गया, जिसके कारण पंजीयन कराने में विलम्ब हो गया। उन्होंने धान की फसल विक्रय करने के लिए पंजीयन दर्ज कर टोकन दिलाने गुहार लगाई। इस पर एडीएम ने तहसीलदार पाटन को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

कोडिय़ा निवासी छात्रा ने शिक्षा प्रदान करने आदिम जाति विभाग द्वारा संचालित विज्ञान विकास केन्द्र के छात्रावास में प्रवेश दिलाने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वह शासकीय विश्वनाथ यादव राव तामस्कर कामर्स एवं कला महाविद्यालय में अध्यनरत है। गांव महाविद्यालय से 25 किलोमीटर दूरी पर है। सुबह की क्लास होने के कारण बस की सुविधा नही मिल पाती। आर्थिक स्थिति भी इतनी अच्छी नही है कि वह गाड़ी खरीद सके।

इसी प्रकार वार्ड-34 भिलाई वार्डवासियों ने आबादी क्षेत्र में किए जा रहे पशुपालन की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मिलन चौक स्कूल के सामने घनी आबादी वाले क्षेत्र में गाय और बकरी पालन किया जा रहा है, जिससे यहां पर निवास करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थान पर सार्वजनिक कुंआ है, जिसका पानी रहवासियों द्वारा उपयोग में लाया जाता है। पशुपालन किए जाने के कारण गंदगी पूरा कुंए में चला जाता है, जिसके कारण पानी दूषित हो गया है। इस पर एडीएम ने पशुपालन विभाग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

धमधा निवासी एक आवेदक ने बताया कि वार्ड क्रमांक 10 में ओम सांई संस्कृत विद्यालय के बाजू में शासकीय भूमि आम रस्ता में गोबर खाद गढ्ढा बनाया गया है, जिससे उक्त खाद गड्ढा के दुर्गन्ध से आस-पास के रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही आम रास्ता से लगे होने के कारण गंभीर दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है। इस पर एडीएम ने संबंधित अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट