दुर्ग
खेलगांव पुरई के खिलाड़ी ने फिर बढ़ाया प्रदेश का मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 दिसंबर। खेलगांव पुरई के खिलाड़ी ने फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है पहला वल्र्ड कप खोखो राष्ट्रीय केम्प में इस गांव के बेटा हर्ष राजपूत जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। पहला वल्र्ड कप खो-खो नेशनल कैम्प में पुरुष वर्ग से चयनित होने वाले प्रदेश के वे एकमात्र खिलाड़ी है।
नवीन खो-खो क्लब के हर्ष ने 18 बार राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। इनमें वे 2 बार रजत एवं 4 बार कांस्य पदक हासिल किए हैं। उनके सहित पुरई के लगभग चार सौ खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हर्ष ने बताया कि ग्राम में 25 सालों से चल रहे नवीन खो-खो क्लब की वजह से पुरई में खेल का माहौल बना है। ग्राम के लगभग हर घर में राष्ट्रीय खिलाड़ी है।
उन्होंने इसी से प्रेरित होकर वर्ष 2012 में नवीन खो-खो क्लब के मुख्य प्रशिक्षक मोतीलाल साहू के मार्गदर्शन में खो-खो खेलना शुरू किया। क्लब के सह प्रशिक्षकों उमेश निर्मलकर, योगेन्द्र यादव, सनत साहू एवं टिकेन्द्र साहू से भी उन्हें खो-खो की तकनीकी बारिकियों के बारे में सीखने को मिला। प्रशिक्षकों से लगातार मिल रहे मार्गदर्शन की बदौलत गांव से निकलकर पहली बार आयोजित होने जा रहे वल्र्ड कप खो-खो नेशनल कैम्प के लिए चयनित होने का सौभाग्य मिला है।
उनके कोच मोती लाल साहू ने बताया कि 13 से 19 जनवरी तक आयोजित होने जा रहे पहला वल्र्ड कप खो-खो 2024 -25 की तैयारी के लिए जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम नई दिल्ली में10 दिसंबर से 11 जनवरी तक आयोजित होने जा रहे हैं। हर्ष की इस उपलब्धि पर नवीन खो-खो क्लब के उनके प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी, पिता गिरधर राजपूत एवं माता अंजू राजपूत सहित ग्रामीणों ते हर्ष व्यक्त किया है।