दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 दिसंबर। स्टेशन से लगे कोचिंग डिपो में रेलवे प्रबंधन द्वारा चार टन क्षमता वाली लॉन्ड्री यूनिट चलाई जा रही है, जिससे एसी श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को स्वच्छ, हाइजीनिक, अच्छी तरह से प्रेस किया हुआ उच्च गुणवत्ता वाला लिनन प्रदान किया जा रहा है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वातानुकूलित (एसी) श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाला लिनन प्रदान किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन प्रबंधन ने बताया कि दुर्ग कोचिंग डिपो में चार टन क्षमता वाली लॉन्ड्री यूनिट स्थापित की जा चुकी है, जहां पर न्यूनतम दो शिफ्ट में काम लिया जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से प्रारंभ होने वाली ट्रेनों में प्रतिदिन लगभग 16,000 लिनन सेट लोड किया जा रहे हैं।
प्रबंधन द्वारा यात्रियों को स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाला लिनन प्रदान करने के लिए लिनन की खरीद आधुनिक और यंत्रीकृत वाशिंग सुविधाएं, यात्रियों के लिए बेडरोल्स के सेट को इको फ्रेंडली पैकेजिंग में प्रस्तुत करने एवं मजबूत और प्रभावी परिवहन के लिए बेहतर लॉजिस्टिक्स व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी लिनन सेट भारतीय मानक ब्यूरो के अनुसार तैयार किया जा रहे हैं। ट्रेनों के वातानुकूलित कोचों में हैंडलूम के उच्च गुणवत्ता वाले बेडशीट प्रदान किया जा रहे हैं। लिनन के भंडारण के लिए डिपो, ट्रेनों में उपयुक्त स्थान निर्धारित किए गए हैं। सभी लिनन प्रत्येक उपयोग के बाद धोए जाते है। कंबल कम से कम महीने में एक बार ड्राई क्लीन करने के बाद ही यात्रियों को दिया जा रहा है। किसी भी यात्री को बिना धोया या उपयोग किया हुआ कोई भी लिनन प्रदान नहीं किया जाता है। प्रत्येक किट को इको फ्रेंडली बैग में पैक किया जा रहा है। रेलवे प्रबंधन द्वारा यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है।