दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसंबर। टोकन को लेकर आ रही परेशानी की वजह से एप खुलते ही एक ही दिन में रिक्त स्लाट फुल हो गया। टोकन तुहर हाथ एप के माध्यम से धान खरीदी के लिए किसानों के 15 जनवरी तक के टोकन कट चुके हैं।
छग राज्य सहकारी विपणन संघ द्वारा 15 जनवरी तक रिक्त स्लॉट में टोकन जारी करने के निर्देश के बाद जो भी किसान आनलाइन थे, उन्होंने शासन द्वारा कोई और निर्देश न आ जाए, इस आशंका से 15 जनवरी तक का जो भी स्लाट खाली मिला उस तिथि का टोकन बुक करा लिया है।
जानकारी के अनुसार पूर्व में समिति माड्यूल से 3 दिन का स्लाट भरने के बाद टोकन जारी नहीं हो पा रहा था। वहीं टोकन तुंहर हाथ एप से 7 दिन का ही टोकन मिल पा रहा था। ऐसे में एप खुलते ही उक्त दिवस के स्लाट का पूरा टोकन कट जाने से किसानों को टोकन के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसे लेकर नवभारत में प्रमुखता से खबर भी प्रकाशित हुई थी। वहीं टोकन की समस्या के चलते धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सरकार की किरकिरी होने लगी थी।
इस पर छग राज्य विपणन संघ ने आनन फानन में गत दिनों खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय किये जाने हेतु किसानों के लिए टोकन आवेदन के लिए प्रावधान को लेकर पत्र जारी किया। इसमें कहा गया कि किसानों द्वारा आवेदन के दौरान आवश्यक प्रविष्टि करने के उपरांत आवेदन से 15 जनवरी 2025 तक रिक्त स्लॉट में धान विक्रय हेतु दिवस का चयन किया जा सकता है।
गौरतलब है उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय हेतु किसानों द्वारा टोकन आवेदन समिति माड्यूल एवं टोकन तुहर हाथ एप्प के माध्यम से किये जाने की सुविधा प्रदाय की गई है। कुल टोकन आवेदन (धान की मात्रा के सदर्भ में) का 40 प्रतिशत समिति माड्यूल एवं 60 प्रतिशत एप्प के माध्यम से आरक्षित किया गया है। टोकन आवेदन हेतु समय रविवार से शुक्रवार तक सुबह 9.30 बजे सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। मगर एप खुलते है टोकन के लिए खाली स्लाट भर जा रहा था। वहीं ऑफलाइन टोकन की व्यवस्था नहीं होने से किसान परेशान थे। जानकारी के मुताबिक समितियों में प्रतिदिन धान खरीदी की लिमिट भी 30 प्रतिशत बढ़ा दिया गया जो धान विक्रय किये जाने हेतु पंजीकृत रकबा एवं खरीदी अवधि को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन खरीदी लिमिट निर्धारित किया गया है, जिसकी जानकारी खाद्य अधिकारी माड्यूल में / समिति माड्यूल में उपलब्ध है।
विपणन संघ द्वारा कलेक्टर को जारी पत्र के अनुसार प्रतिदिन खरीदी लिमिट अंतर्गत टोकन तुहर हाथ एप्प के माध्यम से आवेदित टोकन (मात्रा के संदर्भ मे) लघु, सीमांत कृषक एवं दीर्घ कृषक के मध्य वही अनुपात निर्धारित है, जो उस समिति में पंजीकृत लघु, सीमांत कृषक एवं दीर्घ कृषक के मध्य है। प्रतिदिन खरीदी लिमिट अंतर्गत समिति माड्यल के माध्यम से आवेदित टोकन में लघु सीमांत कृषक एवं दीर्घ कृषक के मध्य किसी प्रकार कोई अनुपात निर्धारित नहीं किया गया है। लघु एवं सीमांत कृषकों को 2 टोकन एवं दीर्घ कृषकों 3 टोकन की सुविधा प्रदाय की गई है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ श्रीकांत चंद्राकर का कहना है कि प्राप्त निर्देशानुसार गत दिनों एप खुलने के बाद 15 जनवरी तक का पूरा टोकन कट चुका है। समिति माड्यूल में ही किसी किसी समिति में 15 जनवरी के पहले के कुछ दिवस का ही स्लाट रिक्त है।