दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 दिसंबर। जारी वित्तीय वर्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत अब तक जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 5574 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 5020 हितग्राहियों को प्रथम किस्त की राशि जारी कर दी गई है मगर प्रथम किस्त के बाद मात्र 1630 निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है। जिला पंचायत सीईओ ने अप्रारंभ निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में पीडब्ल्यूएल एवं आवास प्लस योजनांतर्गत कुल 7381 आवास का लक्ष्य है। इनमें पीडब्ल्यूएल के 3886 के विरुद्ध 3762 आवास स्वीकृत हुआ एवं आवास प्लस में 3495 के विरुद्ध 1812 आवास स्वीकृत हुआ। इस प्रकार पीडब्ल्यूएल एवं आवास प्लस को मिलाकर कर अब तक 5574 आवास स्वीकृत हो चुके हैं। इनमें प्रथम किस्त जारी हो चुके हैं। 680 को द्वितीय किस्त भी जारी किया जा चुका है। स्वीकृत आवास में से 14 का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है।
धमधा विकासखंड में सर्वाधिक 3313 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें 3098 को प्रथम एवं 330 को द्वितीय किस्त जारी कर दिया गया। प्रथम किस्त पश्चात 1102 का कार्य प्रारंभ हो गया है। इनमें 100 प्लिंथ लेवल बन गया है। वहीं 7 आवास का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इसी प्रकार दुर्ग विकासखंड में 659 आवास स्वीकृत हुए हैं। इनमें 501 को प्रथम एवं 29 को द्वितीय किस्त जारी हो चुकी है। प्रथम किस्त पश्चात 47 का कार्य प्रारंभ हो चुका है। 4 का प्लिंथ लेवल एवं 3 का निर्माण पूरा हो गया है। वहीं पाटन में 1602 आवास स्वीकृत है। इनमें 1423 को प्रथम किस्त एवं 321 को द्वितीय किस्त की राशि जारी की जा चुकी है। प्रथम किस्त के बाद 481 का कार्य प्रारंभ हो गया है। इनमें 78 प्लिंथ लेवल तक का कार्य हो चुका है, 4 का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है। जिला पंचायत सीईओ दुबे ग्रामीण क्षेत्रों के दौरा के दौरान स्वयं भी पीएम आवास निर्माण का निरीक्षण भी कर रहे हैं। उन्होंने अप्रारंभ आवास का निर्माण जल्द प्रारंभ कर कार्य में गति लाने के निर्देश दिए हैं।