दुर्ग

बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हमले, संत की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन
04-Dec-2024 2:15 PM
बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हमले, संत की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन

निकाली आक्रोश रैली,  डेढ़ किलोमीटर पैदल चल सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 4 दिसंबर। बांग्लादेश में हिंदुओं सहित अल्पसंख्यक समुदाय पर लगातार अत्याचार हो रहा है। हिन्दुओं पर लगातार हो रहे हमलों और  इस्कॉन के संत चिन्मय दास की गिरफ्तारी के विरोध में दुर्ग के राजेंद्र प्रसाद चौक पर कल बड़ा प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर चौक तक आक्रोश रैली भी हुई। इस आक्रोश रैली के बाद कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया है

। रैली में महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर जमकर नारेबाजी और रोष प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम हिन्दू रक्षा मंच सर्व समाज के द्वारा आयोजित किया था, जिसमें भाजपा के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर सहित भाजपा, युवा मोर्चा, आरएसएस, बजरंग दल, विहिप नेताओं सहित बड़ी संख्या में हिन्दूवादी संगठनों ने उपस्थिति देकर अपना रोष जताया।

ज्ञात हो कि बांग्लादेश में हिंदू के साथ व अल्पसंख्यकों पर लगातार हमले हो रहे है। इस अत्याचार को लेकर सर्व हिंदू समाज ने दुर्ग के राजेंद्र प्रसाद चौक पर एक विशाल जनसभा की और उसके बाद आक्रोश रैली के माध्यम से कलेक्टोरेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

मंच से सर्व समाज की ओर से दिलेश्वर उमरे ने कहा कि अल्पसंख्यकों पर हो रहा अत्याचार, निर्ममता से हत्या, बलात्कार को वहां की सरकार रोके, साथ ही अल्पसंख्यकों को सुरक्षा दे। बांग्लादेश में हिंदू संत चिन्मय दास को वहां की सरकार जेल से नि:शर्त रिहा करे, वरना इसका परिणाम गलत होगा। हम शस्त्र और शास्त्र दोनों में विश्वास रखते हैं।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि बांग्लादेश अगर अब भी इसी तरह ढुलमुल रवैया अपनाता रहा तो जल्द उसे इसका दुष्परिणाम भोगना पड़ेगा। मंच से वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में रह रहे हिन्दूओं का लगातार उत्पीडऩ हो रहा है। हिन्दू संतों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उनके पूजा स्थल, मंदिर आदि पर इस्लामिक कट्टरपंथी निरंतर हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में इस्कॉन के संत चिन्मय कृष्ण दास को जेल में डाल दिया गया है। उनके साथ अमानवीय बर्बरता की गई है। विगत कुछ समय से  बांग्लादेश सरकार में हिन्दुओं के घरों में में तोडफ़ोड़, आगजनी के साथ ही उनके परिजनों पर हमले व मातृ शक्ति के साथ दुराचार की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। यहाँ तक कि हिन्दू नाम रखने वालों के साथ मारपीट व उनके व्यवसाय पर हमले हो रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. दीप चैटर्जी, कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, नीता जैन, प्रो. डॉ . संजीव कर्मकार, लखन साहू, दीपक साहू, पुरूषोत्तम देवांगन, मनोज तिवारी, रश्मि राजपूत, सुनील पटेल, मनीष सोनी, मनीष दुबे, अनुज, नारद, रजनी बघेल, जितेंद्र वर्मा, भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष महेश वर्मा, दीपक सोनी, मनीष बुचसिया, महेश यादव, पी दीन बांधव सहित हिन्दू समाज के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।


अन्य पोस्ट