दुर्ग

पति की हत्या कर थाने में किया सरेंडर
02-Dec-2024 2:20 PM
पति की हत्या कर थाने में किया सरेंडर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 दिसंबर।
नेवई थाना अंतर्गत एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। पति आए दिन शराब पीकर पत्नी से झगड़ा करता था। शनिवार देर रात दोनों में झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर पत्नी घर में रखे हथौड़े से उसके सिर में वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पत्नी ने खुद थाने में सरेंडर किया। 

नेवई थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि नेवई भाटा निवासी गजेंद्र साहू (27) पेशे से ट्रक ड्राइवर था और आदतन शराबी था। उसकी शादी 8 वर्ष पूर्व राजनांदगांव के छुरिया निवासी नेमा साहू (24) से हुई थी। शादी के बाद से ही गजेंद्र शराब पीकर उससे झगड़ा करता था।

इस दौरान दोनों को एक बेटी और एक बेटा भी हुआ, लेकिन गजेंद्र ने शराब पीने की आदत नहीं छोड़ी। गजेंद्र शराब के नशे में पत्नी ही नहीं घरवालों से भी झगड़ा करता था। शनिवार देर रात भी वह शराब पीकर घर पहुंचा था। रात तीन बजे के करीब नेमा अपने बच्चों के साथ सोई थी। 

इसी दौरान गजेंद्र उससे गाली गलौज करने लगा। इस पर नेमा को काफी गुस्सा आ गया। दोनो के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि नेमा ने कमरे में रखे हथौड़े से गजेंद्र के सिर पर वार किया। इससे गजेंद्र कमरे के अंदर ही ढेर हो गया। नेमा रात में वहीं शव के साथ रही। इसके बाद रविवार सुबह थाने पहुंची और खुद को सरेंडर करते हुए बताया कि उसने अपने पति को जान से मार दिया है। नेमा ने जैसे ही पुलिस को बताया थाना प्रभारी सहित मौके पर शहर एएसपी सुखुनंदन राठौर, भिलाईनगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी और फोरेंसिक की टीम पहुंची। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर गजेंद्र के शव को अपनी सुपुर्दगी में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया।


अन्य पोस्ट