दुर्ग

फैक्ट्री से मशीनरी सामानों की चोरी
01-Dec-2024 2:38 PM
फैक्ट्री से मशीनरी सामानों की चोरी

दुर्ग, 1 दिसंबर। फैक्ट्री के मशीन में लगने वाले लोहे की पुल्ली, बेरिंग आदि सामान की अज्ञात आरोपी ने चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर अंजोरा चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 305 (ए), 331 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी विजय मेघवानी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी रसमडा़ में चना फैक्ट्री है, जिसका वह संचालन करता है। 28 नवम्बर की शाम को 7 बजे वह अपनी चना फैक्ट्री में ताला लगाकर घर चला गया था। दूसरे दिन सवेरे आया तो देखा फैक्ट्री का सामान बिखरा पड़ा हुआ है। फैक्ट्री के अंदर रखे मशीनरी सामान लोहे की पुल्ली 7 नग, बेरिंग 7 नग जिनकी कीमत 40,000 रुपए आंकी  गई है, गायब थी। प्रार्थी ने फैक्ट्री के आसपास सामानों की तलाश की परंतु वह नहीं मिला। सीसीटीवी में देखने पर अज्ञात चोर द्वारा फैक्ट्री के अंदर घुसकर लोहे का पुराना इस्तेमाली मशीन सामान, कुछ रकम को चोरी करते हुए देखा गया है।

शराब भट्टी के सामने खड़ी मोटरसाइकिल की चोरी

दुर्ग, 1 दिसंबर। देसी शराब दुकान के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर शराब खरीदने जाना प्रार्थी को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने प्रार्थी की मोटरसाइकिल की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 (बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी किशन सेन शंकर नगर गली नंबर 5 वार्ड नंबर 11 निवासी है। वह पेट्रोल पंप पर कार्य करता है। 14 नवम्बर की शाम को 7.30 बजे वह धमधा नाका बोगदा पुलिया के पास स्थित देसी शराब दुकान के बाहर अपनी मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स क्रमांक सी जी 07  ए टी 6734 को खड़ी कर हैंडल लॉक कर दिया था। इसके बाद वह शराब लेने चला गया था। थोड़ी देर बाद जब वह वापस आया तो देखा उसकी मोटरसाइकिल खड़ी किए हुए स्थान पर नहीं थी। अपने स्तर पर वाहन की तलाश करने के बाद जब गाड़ी नहीं मिली तब प्रार्थी ने इसकी शिकायत थाना पहुंचकर की।

उपार्जन केन्द्रों में 10 लाख 11 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जाम

दुर्ग, 1 दिसंबर। जिले उपार्जन केन्द्रों में 10 लाख 11 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जाम है। उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान का अब तक उठाव शुरू नहीं होने के कारण आधे से अधिक केन्द्रों में धान बफर लिमिट के पार पहुंच गया है। वहीं मिलर्स के साथ सहमति के बाद आज से उनका कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन शुरू हो पाया मगर अभी उठाव प्रारंभ नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार जिले के 102 उपार्जन केन्द्रों में अब तक 21 हजार 666 किसानों द्वारा धान विक्रय किए जा चुके हैं, जिनसे 10 लाख 11 हजार 70 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वर्तमान में जिले के 53 उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। कुछ केन्द्रों में तो बफर लिमिट से लगभग दुगुना धान जाम है। उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव शुरु नहीं होने पर कई केन्द्रों में धान खरीदी के लिए जगह की कमी हो रही है। वहीं मौसम का मिजाज बदलने से सहकारी समिति कर्मचारियों को उपार्जन केन्द्र में खुले आसमान के नीचे रखे धान की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है। बफर लिमिट से अधिक धान हो जाने के कारण बारिश होने की स्थिति में केन्द्रों में रखे धान को सुरक्षित रखने में दिक्कत आएगी। डीएमओ भौमिक बघेल का कहना है कि मिलर्स के साथ सहमति बनने के बाद कस्टम मिलिंग के लिए आज पंजीयन शुरू हो गया  है। आज जिले के 3 मिलर्स ने पंजीयन कराए हैं, अब एक दो दिन में उठाव भी शुरू हो जाएगा।

तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के दुर्ग संभाग स्तरीय सम्मेलन

दुर्ग, 1 दिसंबर। तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के दुर्ग संभाग स्तरीय सम्मेलन कबीरधाम में आयोजित हुआ। संभागीय सम्मेलन के साथ ही जिला कबीरधाम के संगठन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी हुआ। इस संभाग स्तरीय सम्मेलन में मुख्य संरक्षक पीआर यादव, प्रदेश अध्यक्ष जीआर चंद्रा, महामंत्री विजय लहरे, उमेश मुदलियार सहित प्रांतीय नेतृत्व एवं दुर्ग संभाग के समस्त जिला अध्यक्ष पदाधिकारी उपस्थित हुए। जिसमें दुर्ग जिला से जिला अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, सचिव शिवदयाल धृतलहरे, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र देशमुख, गौरी शंकर रावना सहित संगठन के विभिन्न साथी सम्मिलित हुए ।


अन्य पोस्ट