दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 नवंबर। नेशनल हाइवे सुपेला फ्लाईओवर पर शुक्रवार तडक़े बड़ा हादसा हो गया। नागपुर से आ रही पिकअप सामने जा रहे भारी वाहन से भिड़ गई। हादसे में पिकअप का हेल्पर साइड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग ने ट्रक में फंसे पिकअप को फ्लाईओवर से नीचे उतरवाकर साइड किया। मिली जानकारी के अनुसार सुपेला फ्लाईओवर पर चंद्रा-मौर्या टाकीज के पास यह दुर्घटना हुई है। नागपुर से संतरा व अनार लोड कर पिकअप क्रमांक एमएच 30 बीडी 5621 पावर हाउस फलमंडी जा रही थी।
इस दौरान फ्लाईओवर के ऊपर सामने से जा रही ट्रक क्रमांक एमएच 12 एनएक्स 1974 को पीछे से ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप ट्रक के पीछे फंस गई। पिकअप का हेल्पर साइड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप चालक को हल्की झपकी आने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।