दुर्ग

19 हजार से अधिक किसानों ने किया धान बिक्री
29-Nov-2024 3:07 PM
19 हजार से अधिक किसानों ने किया धान बिक्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 नवंबर।  जिले में दो सप्ताह में कुल 207 करोड़ 90 लाख 99 हजार रूपए की धान खरीदी हो चुकी है। विपणन संघ धान खरीदी के भुगतान के लिए जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को कुल 182 करोड़ 89 लाख 51 हजार रुपिए प्राप्त हो चुका है। इनमें 179 करोड़ 58 लाख 69 हजार रुपए का किसानों के खाते में ऑनलाइन भुगतान किया जा चुका है। जिले में अब तक 19 हजार 342 किसान समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर चुके हैं।

जानकारी के अनुसार अब तक धान विक्रय कर चुके इन किसानों से कुल 9 लाख 2 हजार 547 क्विंटल की धान खरीदी हो चुकी है। खरीदे गए धान का उपार्जन केन्द्रों से उठाव शुरू नहीं होने से कई केन्द्रों धान खरीदी के लिए जगह की समस्या आ रही है। 47 उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान हो गया, ऐसे जगह की कमी से धान की हूंडी लगाने में दिक्कत होने से खरीदी में असर पडऩे की संभावना बढ़ गई है।

अभी 95 हजार से अधिक पंजीकृत किसानों ने अभी धान विक्रय नहीं किया है। जिले समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले ऋणी कृषकों से लिंकिंग से वसूली भी हो रही है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की पोर्टल में ऋण की कुल प्रविष्टि 314 करोड़ 8 लाख 55 हजार रुपए है। इनमें लिंकिंग से 64 करोड़ 61 लाख 37 हजार रुपए की वसूली हो चुकी है।

धान खरीदी के दौरान बाहर का धान उपार्जन केन्द्रों में खपने न पाए इसे लेकर संयुक्त निगरानी समिति बनाई गई है। उक्त संयुक्त टीम द्वारा लगातार दबिश देकर अवैध धान भण्डारण मामले में कार्रवाई के अवैध व्यापार में संलग्न लोग चौकन्ना हो गए हैं। आज भी टीम ने विभिन्न स्थानों दबिश देकर जांच की, मगर उन्हें कहीं सफलता नहीं मिली।


अन्य पोस्ट