दुर्ग

अवैध शराब पर रोक नहीं, ग्रामीणों ने की शराब दुकान खोलने की मांग
26-Nov-2024 3:12 PM
अवैध शराब पर रोक नहीं, ग्रामीणों ने की शराब दुकान खोलने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 नवंबर। आबकारी व पुलिस द्वारा अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगा पाने से नाराज ग्रामीणों ने ग्राम नगपुरा में शराब दुकान खोलने मांग कर डाली ग्राम नगपुरा के ग्रामीणों ने बकायदा जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा उन्होंने यह भी शिकायत किया कि नगपुरा सहित आस-पास गांवो में धड़ल्ले से अवैध शराब बिक्री हो रही है।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत बोड़ेगांव निवासियों ने बताया कि बोड़ेगांव से बानबरद पहुंच मार्ग घनी आबादी से होकर गुजरता है, सडक़ के किनारे दो से ढाई फीट चौड़ी नाली का निर्माण किया गया है। सडक़ से गांव के मवेशियों को चरवाहे द्वारा लाना ले जाना पड़ता है। सडक़ संकरा होने के कारण आये दिन गाय व भैंस नाली में गिर जाते हैं एवं वाहनों से भी दुर्घटना होती रहती है। नाली को चेम्बर से ढकने से होने वाले दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। भानूप्रताप देवांगन ने 14 साल से सीएसपीडीसीएल काल सेंटर में कार्यरत होने के बावजूद पद से निष्कासित कर दिए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की है

वहीं राजीव गांधी नगर रायपुर नाका दुर्ग निवासी ने 6 वर्षीय पुत्री के इलाज हेतु आर्थिक सहायता राशि की मांग की। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी मजदूरी का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण कर करते हैं। उनकी एक 6 वर्षीय बेटी है, जिसको जन्म से ही शरीर में झटका आया करता है। जिसका इलाज डॉक्टर के पास चल रहा है, जिसमें पैसे अधिक लग चुके हैं।

वर्तमान में पति-पत्नी की आर्थिक स्थित ठीक नहीं होने के कारण डॉक्टर द्वारा लिखित दवाईयों का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। एक माह की दवाईयां लगभग दस हजार रूपए से अधिक की आती है। मजदूरी कार्य कर पति-पत्नी इतनी कमाई नहीं कर पाते कि वह बेटी की दवाई का खर्च उठा सकें और घर चला सके। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दीपक नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनीवासियों ने नाली की सफाई एवं जंगली पेड़ पौधो को कटवाने आवेदन दिया।

उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 23 दीपक नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रायपुर नाका दुर्ग में नाली की सफाई एवं जंगली पेड़-पौधों की कटाई आधे दूर तक ही की जाती है। पूरी सफाई नहीं की जाती है, जिसकी शिकायत नगर निगम में की गई थी। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में कुल 112 आवेदन प्राप्त हुए।


अन्य पोस्ट