दुर्ग
16 में बफर लिमिट से अधिक धान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 नवंबर। जिले में किसानों से उपार्जित धान का कस्टम मिलिंग के लिए मिलरों का अब तक पंजीयन शुरू नहीं हुआ है और न ही संग्रहण केन्द्र चालू हुआ है। ऐसे में संग्रहण केन्द्र के लिए भी उपार्जन केन्द्रों से उठाव चालू नहीं हुआ है। नतीजन जिले के उपार्जन केन्द्रों में 5लाख 36 हजार 665 क्विंटल धान जाम अभी से जाम हो गया 16 उपार्जन केन्द्रों में तो बफर लिमिट से अधिक धान जाम है।
जिले के 87 सहकारी समितियों के अंतर्गत 102 उपार्जन केन्द्र बनाए गए है। इनमें धमधा विकासखंड के रहटादाह सहकारी समिति में बफर लिमिट से डेढ़ गुना अधिक धान जाम है। यहा की बफर लिमिट 720 टन की है, मगर केन्द्र में वर्तमान मे 1169.80 टन धान खुले आसमान के नीचे पड़ा। इसी प्रकार डोडक़ी उपार्जन केन्द्र की लिमिट720 टन की है, मगर वर्तमान में 1118 टन धान है। वहीं फेकारी की भी बफर लिमिट 720 टन की है यहां भी वर्तमान में 1060 टन धान है। इसी तरह उपार्जन केन्द्र अंडा, जामगांव आर, डीड़ाभाठ, दमोदा, निकुम, निपानी, बटरेल, बरहापुर, रौंदा, सुरपा, सेलूद, सांतरा एवं सोनपुर में भी जाम धान बफर लिमिट के पार पहुंच गया है। यदि उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित धान का जल्द उठाव नहीं हुआ तो इन उपार्जन केन्द्रों में खुले आसमान के नीचे रखे उपार्जित धान में सुखत आएगा। इससे संबंधित समितियों को सुखत के रूप में नुकसान की संभावना बढ़ जाएगी। पिछले दिनों इन्हीं मुद्दों को लेकर सहकारी समिति के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे।
डीएमओ भौमिक बघेल का कहना है कि कस्टम मिलिंग के लिए पहले उठाव की कोशिश है। इसके लिए कस्टम मिलिंग करने वाले राइस मिलर्स से सहमति बनाकर जल्द उठाव शुरू करने का प्रयास है। वहीं कस्टम मिलिंग के लिए उठाव नहीं हो पाने पर संग्रहण केन्द्रों के लिए उठाव कराए जाने तैयारी चल रही है, इसके लिए संग्रहण केन्द्रों की साफ-सफाई कराई जा रही है।