दुर्ग

देवांगन समाज परिचय सम्मेलन में जीवन साथी चुनने उमड़े युवा
25-Nov-2024 3:41 PM
देवांगन समाज परिचय सम्मेलन में  जीवन साथी चुनने उमड़े युवा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 25 नवंबर। देवांगन समाज के जिला स्तरीय सामाजिक एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 275 युवकों तथा 160 युवतियों ने अपने जीवन साथी चुनने परिचय दिया। इसके साथ ही पुनर्विवाह के इच्छुक 32 तलाकशुदा, विधवा एवं विधुर ने भी अपना परिचय दिया। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर आदित्य नगर में रविवार को आयोजित सम्मेलन में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव बतौर मुख्य अतिथि विशेष रूप से पहुंचे।

उन्होंने देवांगन समाज के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज के लोग बेहद जागरूक है और अविवाहितों के अलावा समाज में किसी कारणवश एकांकी जीवन जी रहे लोगों के लिए भी संबंध जोडऩे की पहल करना निश्चित रूप से दूसरे समाज के लिए प्रेरक है।

इस अवसर पर देवांगन समाज के जिला अध्यक्ष पुराणिक राम देवांगन, कार्य. अध्यक्ष राकेश देवांगन, सचिव धनुष राम देवांगन, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र लिमजे, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष कीर्ति देवांगन, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष आशीष देवांगन, समाज के वरिष्ठ जन भूषणलाल देवांगन, भिलाई अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन, अलखराम देवांगन, भेदूराम देवांगन, धनुकराम देवांगन, दुष्यंत देवांगन आदि सहित, जिला, ब्लाक, मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी तथा समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

जिला देवांगन समाज के तत्वावधान में महिला एवं युवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित सम्मेलन में अति विशिष्ट अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल एवं देवांगन समाज के राष्ट्रीय कोष्टा कोष्टी समिति के उपाध्यक्ष महेश देवांगन, पूर्व सभापति दुर्ग दिनेश देवांगन, बीरगांव नगर के पूर्व महापौर डॉ. ओमप्रकाश देवांगन, प्रकाश देवांगन आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ समाज सेवी प्रेमचंद देवांगन की। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि देवांगन समाज शिक्षित समाज और छत्तीसगढ़ का अग्रणी समाज है, अन्य समाज के लिए प्रेरणादायक है।

दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि देवांगन समाज एक अनुशासित समाज है और वस्त्र निर्माण करके सभ्यता सिखाने वाला समाज है। इस समाज के लोग अपनी योग्यता के बल पर शासन एवं प्रशासन में महत्वपूर्ण पदों पर हैं। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने परिचय सम्मेलन में भारी भीड़ को देखते हुए कहा कि दुर्ग जिला देवांगन समाज को ऐसे ही सामाजिक आयोजनों के लिए 5 एकड़ जमीन और भव्य भवन की आवश्यकता है। सम्मेलन को अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी संबोधित किया।


अन्य पोस्ट