दुर्ग

नशे में बेटों ने ले ली पिता की जान
24-Nov-2024 7:19 PM
नशे में बेटों ने ले ली पिता की जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 24 नवंबर। देसी शराब खरीदने एवं शराब के लिए 100 रुपए देने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामले को बढ़ता देख जब बुजुर्ग पिता दोनों को लड़ाई बंद करने की गुहार लगाते हुए छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने अपने पिता की ही हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल भिजवाया। उतई पुलिस धारा 103, 3 (5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है।

उतई थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि आरोपी शशि ठाकुर (30) एवं दशरथ ठाकुर (25) परेवाडीह दोनों भाई हैं और दोनों मजदूरी करते हैं। 22 नवंबर को रात करीब 10 बजे बड़ा लडक़ा शशि ठाकुर घर आया तो दशरथ उससे बोला कि मैं तेरे को 100 रुपए दिया था एक पौवा देशी शराब लाने के लिए, मुझे दारू दे। इस पर शशि ठाकुर बोला कि काशी जानेगा तूने पैसा काशी को दिया है। दशरथ बोला काशी तेरा नाम ले रहा है कि उसने तुझे पौवा दे दिया है।

शराब के नशे में दशरथ और शशि दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया और गाली गलौज होने लगी। थोड़ी देर में बात बढ़ते बढ़ते दोनों भाई एक दूसरे को लात मुक्का से मारपीट करने लगे। शशि वहां पड़ी लकड़ी से दशरथ को मारने लगा, जिससे उसके सिर और कान में चोट आई।

उनकी मां अंकलहिन बाई ठाकुर दोनों की लड़ाई को छुडाने गई तो उसे भी शशि ने सिर में मार दिया और ढकेल दिया । झगड़े को देखकर उनके पिता भगवान सिंह ठाकुर दोनों लडकों को झगडा लडाई बंद करने के लिए कहते रहे। इसके बाद भगवान सिंह ने दोनों लडक़ों के पैरों को पकड़ लिया। जिससे गुस्से में आकर दोनों लडक़े हाथ मुक्का और लात से अपने पिता को ही मारने पीटने लगे और दोनों उसके उपर चढ़ गये।

शशि ने घुटना से गले में तथा दशरथ ने उसे लात से छाती में मारा है। दोनों आरोपी भाई अपने पिता के उपर बहुत देर तक चढ़े रहे। बड़ी मुश्किल से उन दोनों को अलग किये तब देखे कि भगवान सिंह ठाकुर की मृत्यु हो गई थी।


अन्य पोस्ट