दुर्ग

5 उपार्जन केन्द्रों में धान बफर लिमिट के पार, पर उठाव शुरू नहीं
24-Nov-2024 3:31 PM
5  उपार्जन केन्द्रों में धान बफर लिमिट के पार, पर उठाव शुरू नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 नवंबर।
जिले की 5 उपार्जन केन्द्रों में धान बफर लिमिट के पार पहुंच गया है मगर अब तक उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव शुरू नहीं हुआ है। जिले के 102 उपार्जन केन्द्रों में अब तक किसानों से 4 लाख 21 हजार 386 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।

गौरतलब है कि किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 14 नवम्बर से शुरू हो चुकी है। जिले में 87 सहकारी समतियों के अंतर्गत इसके लिए कुल 102 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। जिले में धान खरीदी के लिए कुल 114752 किसान पंजीकृत है। जिनके पंजीकृत रकबे 121538 हेक्टेयर है। इन किसानों से 6484850 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है।

खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में अब तक जिले में 9010 किसानों द्वारा धान विक्रय किए जा चुके हैं, जिनसे कुल 421386 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। मगर धान खरीदी शुरु होने के 10 दिनों बाद भी उपार्जन केन्द्रों से उठाव शुरु नहीं हुआ है। वहीं उपार्जन केन्द्रों में लगातार धान का आवक बढ़ रहा है। इससे उपार्जन केन्द्रों जाम धान की मात्रा बफर लिमिट से आगे बढ़ रही है। अब तक 5 केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान है। वहीं कई केन्द्रों में बफर लिमिट के करीब पहुंच चुका है। ऐसे जाम धान की वजह से आने वाले समय में खरीदी पर असर पड़ सकता है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। वैसे भी विलंब से धान खरीदी शुरू होने से काटकर रखे गए धान की फसल की रखरखाव को लेकर पहले ही अनेक किसान परेशान हैं।


अन्य पोस्ट