दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 नवंबर। प्रदेश में अब तक कृषि व संबद्ध विषयों को व्यवसायिक पाठ्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने इसे लेकर ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ में कृषि सम्बन्धित स्नातक उपाधि को प्रोफेशनल डिग्री घोषित करने मांग की है।
संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष लिखेश कुमार वर्मा का कहना है कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा कहलाने के साथ साथ छत्तीसगढ़ की बड़ी जनसंख्या कृषि एवं संबंधित उद्यम जैसे उद्यानिकी, वानिकी, पशुपालन, रेशम पालन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण इत्यादि पर आधारित है। परन्तु छत्तीसगढ़ में अभी तक कृषि एवं संबद्ध विषयों को व्यावसायिक पाठ्यक्रम घोषित नहीं किया गया हैं जबकि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा कृषि एवं संबद्ध विषयों को व्यावसायिक पाठ्यक्रम के रूप में वर्ष 2016 में मान्यता दी हैं एवं भारत सरकार द्वारा वर्ष 1986, 2017 और 2018 में लगातार भारत के सभी कृषि विश्वविद्यालयों को एवं सभी राज्यों के प्रमुख सचिव कृषि, कृषि उत्पादन आयुक्त, संचालक कृषि, संचालक उद्यानिकी को इस हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को निर्देशित किया गया था। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में शासकीय, अर्ध शासकीय एवं गैर शासकीय संस्थाओं के अधीनस्थ कार्य कर रहे हैं कृषि और संबद्ध विषयों के स्नातक उपाधि धारक एवं छात्रहित में उक्त उपाधि को व्यवसायिक पाठ्यक्रम घोषित करने से इनके श्री वर्मा , मोहित जैन ,राजू दास एवं अन्य सदस्यों ने कृषि एवं संबद्ध विषय के स्नातक उपाधि को व्यवसायिक पाठ्यक्रम ( प्रोफेशनल डिग्री) घोषित करने हेतु छत्तीसगढ़ में स्थित कृषि संबंधी दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपति गिरीश चंदेल, इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर एवं आरए खरे, कुलसचिव, महात्मा गाँधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सांकरा, दुर्ग को ज्ञापन सौंपा।
दोनों विश्वविद्यालय द्वारा प्रतिनिधिमण्डल को आश्वस्त कराया गया कि उनकी मांग के संबंध में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष के साथ कृषि छात्र दीपपाल जांगडे, किशन कुमार राज, घनश्याम जी भी उपस्थित थे।