दुर्ग

हत्या का आरोपी जबलपुर से पकड़ाया
19-Nov-2024 2:28 PM
हत्या का आरोपी  जबलपुर से पकड़ाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 नवंबर।
एक युवक की हत्या एवं एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर फरार हुए आदतन अपराधी को मोहन नगर पुलिस ने जबलपुर से पकड़ा है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद से फरार था और सिम को बार-बार बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। घटना के बाद लगाई गई एसीसीयू एवं मोहन नगर थाना पुलिस टीम ने आरोपी को जबलपुर से पकड़ा है। एसीसीयू एवं मोहन नगर पुलिस की टीम आरोपी को लेकर दुर्ग आ गई है। नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग चिराग जैन ने बताया कि हत्या के आरोपी को टीम ने जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। 

आपसी विवाद के चलते मोहन नगर थाना क्षेत्र में अपने ही साथी शांति नगर में परमेश्वर निर्मलकर उर्फ टोपु (23) की चाकू मारकर आरोपी विकास छत्री उर्फ पिंटू निवासी शांति नगर ने हत्या कर दी थी। 26 अक्टूबर की दोपहर लगभग ढाई बजे परमेश्वर निर्मलकर अपने साथी जितेंद्र सोनी के साथ बाइक से मोहल्ले में ही स्थित एक मोबाइल दुकान जा रहा था। दुकान के सामने ही आरोपी विकास छत्री पहले से ही बैठा हुआ था। परमेश्वर को देखकर आरोपी ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे हुए चाकू से परमेश्वर पर हमला कर दिया था। घटना के दौरान  बीच बचाव करने आए जितेंद्र सोनी पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर दिया था। दोनों ही घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां परमेश्वर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। परमेश्वर निर्मलकर की घटना से दो दिन पूर्व ही लव मैरिज हुई थी। आपसी विवाद और आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी और जिस युवक की हत्या हुई दोनों का आपराधिक रिकार्ड रहा है। दोनों के बीच पहले दोस्ती थी इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों में दुश्मनी हो गई थी। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई थी। 

थाना प्रभारी द्वारा अलग-अलग टीम बनाकर आरोपी की तलाश में लगाई गई थी। इस घटना को लेकर परिजनों एवं मोहल्ले वासियों में रोष व्याप्त हो गया था। मृतक के शव को लेकर परिजन थाना पहुंच गए थे और आक्रोश जताया था।  आरोपी को पकडऩे में मोहन नगर थाना के प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण पात्रे, आरक्षक वेद राम बंदे, देवव्रत सिंह ठाकुर, योगेश गायकवाड, प्रवीण तिवारी एवं क्राइम ब्रांच की अहम भूमिका।
 


अन्य पोस्ट