दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 नवंबर। भारती विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विशेष व्याख्यान और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता सेनानी जननायक भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को राष्ट्रीय आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अकादमिक अधिष्ठाता डॉ. आलोक भट्ट ने जनजातियों के समक्ष वर्तमान आधुनिक परिदृश्य में आ रही आर्थिक, शैक्षणिक, नैतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं परंपरागत चुनौतियों एवं विडंबनाओं पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला। आरंभ में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी एवं गोदग्राम समन्वयक डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम ने बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र एवं उनके समाज में योगदान पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने व्याख्यान में वर्तमान बदलते सामाजिक एवं पर्यावरणीय परिदृश्य के फलस्वरूप जनजातीय विस्थापन, जनांकिकी परिवर्तन, भूमि अधिग्रहण आदि विषयों पर भी अपने विचार रखे। भाषण प्रतियोगिता के अंतर्गत ‘वर्तमान भारतीय समाज तथा जनजातियों के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने भाषण प्रस्तुत किया।
उपरोक्त भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंकित राम, बीएड द्वितीय वर्ष तथा द्वितीय स्थान सौरभ चटर्जी, एलएलबी तृतीय सेमेस्टर ने अर्जित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता दी। उपरोक्त आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. रोहित कुमार वर्मा, डॉ. भूमिका मिश्रा, जयंत बारिक, रॉलिक बेंजामिन दास, श्वेता कुमारी सहित स्वयंसेवक कोनाल सेन, मुकेश साहू, ज्ञानिका राजपूत आदि का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।