दुर्ग
दुर्ग, 18 नवंबर। किसानों ने राइस मिल लगने से फसल खराब होने की आशंका जताई है। उन्होंने सरपंच द्वारा दिया गया एनओसी निरस्त करने मांग की है। राइस मिल लगाए जाने को लेकर चिंतित किसानों ने मामले में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है।ज्ञापन सौंपने वाले किसानों लक्ष्मीचंद, कस्तूर चंद गेंडरे, हब्राहिम, सीताराम आदि का कहना है कि एक व्यक्ति कृषि भूमि में मकान बनाकर रह रहा है और वहां पर राइस मिल बना रहा है जिसका एनओसी ग्राम सरपंच द्वारा ट्रांसफार्मर लगाने दिया गया है जबकि ग्राम सरपंच से ग्रामीण किसान द्वारा कई बार निवेदन किया गया कि एनओसी न दी जाए।
किसानों का कहना है कि जिस जगह में राइस मिल लग रहा है उस जगह से लगी 30 किसानों की करीब 400 एकड़ की फसल बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि सरपंच द्वारा जारी एनओसी निरस्त कर उचित कार्रवाई किया जाए। यहां यह बताना लाजिमी है कि धमधा रोड किनारे स्थित एक किसान की खेत में लगी सब्जियों की फसल कुछ साल पहले मिल से निकलने वाले डस्ट की वजह से खराब हो गई थी, तब किसान ने सडक़ में खराब सब्जियों को फेंककर प्रदर्शन किया था। इस पर पर्यावरण मंडल, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।