दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 18 नवंबर। केंद्रीय विद्यालय सीआईएसएफ, उतई भिलाई में जनजातीय गौरव पखवाड़ा का आगाज हुआ। इस समारोह की मुख्य अतिथि भुबनेश्वरी, प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय, सी.आई. एस. एफ. भिलाई थीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि से हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जन्म और उनके योगदान को अपने भाषण और जनजातीय वेशभूषा पर फैंसी ड्रेस के माध्यम से प्रस्तुत किए।
इसी कड़ी में मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत सरकार ने 15 नवंबर से 25 नवंबर 2024 तकजनजातीय गौरव पखवाड़ा घोषित किए हैं। इसके अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विभिन्न प्रकार के क्रियाकलाप पर गतिविधियां संचालित की जाएगी।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को रेखांकित करते हुए आगे कहीं कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को झारखंड में हुआ था। वे मुंडा जनजाति से थे। बिरसा मुंडा एक भारतीय स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी समुदाय के नेता थे।
उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह का बिगुल बजाया था और उलगुलान नामक आंदोलन शुरू किया था। उन्होंने अंग्रेजों द्वारा लागू जमींदारी प्रथा, धर्मांतरण और जनजातियों के पारंपरिक जीवन पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष किए। उन्होंने जल, जंगल, और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किए। भारत के आदिवासी उन्हें भगवान मानते हैं।
यह दिन भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, बलिदान और योगदान को सम्मानित करने के लिए समर्पित है, ताकि आने वाली पीढिय़ां इस इतिहास को पहचानें और संजोकर रखें। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं, कर्मचारी और विद्यार्थी गण उपस्थित थे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।