दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 नवंबर। सिख पंथ के प्रथम गुरु, गुरुनानक देव का 555वां प्रकाश पर्व इस वर्ष दुर्ग शहर में भव्यता और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर रविवार को उनके उपदेशों को समर्पित नगर कीर्तन का आयोजन किया गया,
जिसे श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया। नगर कीर्तन में पांच प्यारों की अगुवाई में सजाई गई सुंदर पालकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। जहां-जहां पांच प्यारों का जत्था गुजरा, श्रद्धालुओं ने अपने मार्गदर्शन में रास्ता साफ किया। नगर कीर्तन में सिख समुदाय के साथ-साथ अन्य धर्मों के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। गुरु जी की शिक्षाओं और संदेशों से प्रेरित श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य था। इस दौरान हम चाकर गोविंद के बच्चों द्वारा अखाड़ा का प्रदर्शन किया गया।
नगर कीर्तन संतराबाड़ी स्थित गुरुद्वारा से प्रारंभ हुआ जो स्टेशन रोड, राजेन्द्र पार्क चौक, नया बस स्टैण्ड, इंदिरा मार्केट होते हुए शहीद चौक पहुंचा। समापन गुरुद्वारा में किया गया। कीर्तन में भिलाई का भी जत्था शामिल हुआ। इस दौरान ज्ञानी ओमवीर सिंह द्वारा गुरु नानक देव की जीवनी पर प्रकाश डाला गया। जिससे सभी समाजसेवियों को प्रेरणा मिलती है। आयोजन में हम चाकर गोविंद अखाड़ा संघ, दुर्ग ट्रक मालिक संघ, स्त्री सत्संग का विशेष योगदान रहा। स्त्री सत्संग की महिलाओं ने नगर कीर्तन के दौरान सडक़ की सफाई करते हुए अपनी सेवाभाव का परिचय दिया। खालसा पब्लिक स्कूल दुर्ग व भिलाई के बच्चे बड़े ही अनुशासित ढंग से नगर कीर्तन में शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेष रुप से सिख समाज के अध्यक्ष अरविंदर सिंह खुराना, जतिन्दर सिंह, सुखदेव सिंह, सिकंदर सिंह, सतवीर सिंह, इंद्रपाल सिंग, गुरदीप सिंह, हरदीप सिंह, देवेन्दर सिंह, सिंघारा सिंह सहित समाज के गणमान्य नागरिक, महिला व पुरूष बड़ी संख्या में शामिल हुए।
गुरु ग्रंथ साहिब का वोरा ने प्राप्त किया आशीर्वाद
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने गुरु ग्रंथ साहिब को नमन कर पंच प्यारों से आशीर्वाद प्राप्त किया और अपनी सेवा के प्रतीकस्वरूप नगर कीर्तन में सहभागिता दी। उन्होंने कहा, गुरुनानक देव का संपूर्ण जीवन धर्म और मानवता की सेवा में समर्पित था। आज के समाज को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर अरुण वोरा ने दुर्गवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। वोरा के साथ महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, ब्लाक अध्यक्ष अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, फत्तेसिंग भाटिया, रमेश पप्पू श्रीवास्तव भी नगर कीर्तन में शामिल हुए।