दुर्ग

गेल इंडिया वालों ने फिर खड़ी फसल पर चला दी जेसीबी
09-Nov-2024 2:38 PM
गेल इंडिया वालों ने फिर खड़ी फसल पर चला दी जेसीबी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 नवंबर।
प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस की मौजूदगी में गेल इंडिया वालों ने फिर आज किसान के खेत में टमाटर खड़ी फसल पर जेसीबी चला दी, जिसे लेकर किसानों ने जिला प्रशासन व कंपनी की किसानों के प्रति रवैये पर सवाल उठाते हुए बार-बार पाइप लाइन बिछाने खड़ी फसल रौंद कर किसानों को नुकसान पहुंचाने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन को असहाय बताया है।

जानकारी के अनुसार जिले के किसान पिछले 1 साल से खड़ी फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाए जाने को लेकर आंदोलन रहे हैं। किसानों का कहना है कि इसके बावजूद प्रशासन और गेल (इंडिया) लिमिटेड अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। कल बिना किसी सूचना दिए जिले के ग्राम सेमरिया निवासी किसान श्याम कुमार की बाड़ी में लगी टमाटर में गेल (इंडिया) वाले जेसीबी लेकर घुस गए और आनन फानन में पूरी फसल बर्बाद कर दी। 

पीडि़त किसान श्याम कुमार ने बताया कि इस दौरान अहिवारा के तहसीलदार, पुलिस बल भी मौजूद थे और फसल पर जेसीबी चलवा रहे थे लगभग 80 फीट लंबा और 10 चौड़ा क्षेत्र में लगी टमाटर की फसल को रौंद दिया गया, तब उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया, तब काम रोका गया। वहीं मुआवजा को लेकर बात की तो अधिकारी गोल मोल जवाब देने लगे। किसान नेता रविप्रकाश ताम्रकार ने इस घटना की निंदा करते हुए गेल (इंडिया) लिमिटेड के अधिकारी और जिला प्रशासन के किसान विरोधी रवैये पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ऐसी क्या मजबूरी है कि किसान की फसल को बर्बाद किया जा रहा है ? 

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जिला प्रशासन ने गेल (इंडिया) के आगे घुटने टेक दिए है ? किसानों की आय दो गुना करने की बात करने वाली सरकार आज किसानों की फसल को बर्बाद करने आमादा है। इस किसान विरोधी नीति का वे कड़ा विरोध करते हैं। बागडूमर के किसान टिकेंद्र साहू ने बताया कि 3 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास में एक बैठक हुई थी इसमे दुर्ग जिले के 10 गाँवों के किसान और बेमेतरा जि़ले के बेरला ब्लॉक के किसान और गेल (इंडिया) के उच्च अधिकारी मौजूद थे। बैठक में यह निर्णय हुआ था कि अगस्त-सितंबर 2024 तक सब किसानों के खातों में जमीन का और फसल नुकसान का मुआवजा एकमुश्त दिया जाएगा, फिर फसल कटाई के बाद ही पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। जिस पर गेल (इंडिया) के अधिकारियों ने सहमति व्यक्त की थी लेकिन आज गेल (इंडिया) अपने वादे से पीछे हट गई है। आज भी कई गांव के किसानों को मुआवजा नहीं मिला है। वे पुन: भूपेश बघेल से मुलाकात करेंगे और अपने आंदोलन को तेज करेंगे।
 


अन्य पोस्ट