दुर्ग

बेटे ने की पिता की हत्या
09-Nov-2024 2:37 PM
बेटे ने की पिता की हत्या

घर में दोनों अकेले थे, परिवार गया था छठ मनाने रांची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 नवंबर।
खुर्सीपार थाना क्षेत्र में बीती रात सो रहे पिता को उसके बेटे ने फावड़े से मारकर हत्या कर दी। घटना के समय घर पर पिता पुत्र के अतिरिक्त कोई नहीं था। हत्या का कारण पिता-पुत्र के बीच विवाद को बताया जा रहा है। पूरा परिवार छठ पूजा मनाने झारखंड गया हुआ था और इधर मौका देख बेटे ने इस घटना को अंजाम दे दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

खुर्सीपार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सडक़ 52 चटर 11/सी बालाजी नगर जोन 2 खुर्सीपार निवासी श्याम नारायण (65) की उसके बेटे करण नारायण सिंह ने हत्या कर दी। श्याम नारायण का पूरा परिवार छठ पूजा में रांची झारखंड गया हुआ था। इस दौरान घर पर पिता पुत्र ही थे। गुरुवार रात को करण ने फावड़े से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी करण नारायण सिंह कोई काम नहीं करता था। पिता श्याम नारायण अक्सर उसे काम धंधा करने को कहता और इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होता रहता था। गुरुवार रात को भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद बुजुर्ग पिता श्याम नारायण सिंह सोने चला गया। इस दौरान करण सिंह ने मौका देखकर फावड़े से सिर पर वार कर दिया। गहरी चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


अन्य पोस्ट