दुर्ग

तेजी से बढ़ रहा अपराध का ग्राफ, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग
07-Nov-2024 3:58 PM
तेजी से बढ़ रहा अपराध का ग्राफ, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 नवंबर। शहर में तेजी से अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। नशे का कारोबार करने वाले फल फूल रहे हैं। नशे की लत में आपराधिक तत्व किसी भी घटना को अंजाम देने में पीछे नहीं है। इसी का परिणाम है कि शहर में लगातार बड़ी-बड़ी घटनाएं हो रही है। हत्या, चाकूबाजी, चोरी जैसी घटनाओं के पीछे नशे का सबसे बड़ा हाथ माना जा रहा है। नशे के बढ़ते अवैध कारोबार पर पुलिस नियंत्रण करने में सक्षम नजर नहीं आ रही है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था लचर बनी गई है। नशे का कारोबार करने वाले आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाने, फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने जैसी मांगों को लेकर शहर के विधायक को आगे आना पड़ा।

विधायक गजेंद्र यादव के मार्गदर्शन में जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में पार्षदगण कलेक्टरेट कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला से मिलकर समस्या बताई और ज्ञापन सौंप कर नशे पर नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने, अपराधियों पर नियंत्रण करने आदि की मांग की है।

लोगों ने बताया कि पटरी पार क्षेत्र में अपराध चरम सीमा पर बढ़ गया है। मोहन नगर थाना पुलिस की निष्क्रियता के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों के भीतर ही हत्या, चाकूबाजी आदि की घटनाएं हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिस आरोपियों तक पहुंच नहीं पा रही है। लोगों ने बताया कि मोहन नगर थाना क्षेत्र में पिछले 6-7 महीने में कानून व्यवस्था लचर हो गई है। समस्याओं को लेकर कई बार थाना जाया जाता है जहां सिर्फ आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिल पाता है।

शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी रहती है। वार्ड 17 के पार्षद देवनारायण चंद्राकर ने पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला को ज्ञापन सौंप कर कहा कि पटरीपार क्षेत्र में नशाखोरी पर अंकुश लगाना आवश्यक हो गया है। जितने भी अपराध हो रहे हैं उसमें नशाखोरी बड़ा कारण बनकर सामने आया है। शांति नगर में कुछ दिन पहले दिनदहाड़े चाकू मार कर हत्या कर दी गई थी।

 कुछ दिन बाद उसी स्थान पर दोबारा चाकूबाजी की घटना हुई, इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त हो गया है और वे अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कुछ जगहों पर रात्रि में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस की रात्रिकालीन गश्त न के बराबर नजर आ रही है। दुर्गा मंच, शांति नगर, शक्ति नगर तालाब के पास, जवाहर नगर खेल मैदान इन सभी जगह पर असामाजिक तत्व इक_ा रहते हैं। यहां पर पुलिस की गश्त आवश्यक हो गई है।

देवनारायण चंद्राकर ने बताया कि वार्ड के कुछ मेडिकल स्टोर में नशे की दवाइयां बेची जा रही है जिससे युवा नशे की ओर तेजी से अग्रसर हो रहे हैं। नशे पर नियंत्रण लगाना आवश्यक हो गया है।


अन्य पोस्ट