दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 नवंबर। सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। संभाग के सहकारी समितियों के हड़ताली कर्मचारियों ने मानस भवन दुर्ग के पास धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। इसमें संभाग के सात जिलों से सहकारी समितियों के कर्मचारी शामिल रहे।
समिति कर्मचारी महासंघ रायपुर के आव्हान पर दुर्ग संभाग के सातों जिला जिला दुर्ग, जिला बालोद, जिला बेमेतरा, जिला राजनांदगांव, जिला कबीरधाम, जिला मोहला मानपुर, जिला खैरागढ़ के सोसाइटी में कार्यरत लगभग 2000 कर्मचारी दुर्ग में मानस भवन धरना स्थल में तीन सूत्रीय मांगों के संबंध में आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन प्रारंभ कर दिए। इससे प्रदेश सहित संभाग के समस्त जिलों में 14 नवंबर से होने वाली धान खरीदी कार्य प्रभावित होगी। साथ ही किसानों को रबी सीजन में खाद बीज नगद की आवश्यकता होती है, वह भी प्रभावित होगी। हड़ताली सहकारी समिति कर्मचारियों ने मांग किया कि धान में सुखत का प्रावधान किया जाए। साथ ही मध्यप्रदेश के तर्ज पर तीन-तीन लाख रुपये प्रबंधकीय अनुदान दिया जाए एवं सेवा नियम 2018 संशोधन हेतु लंबित है उसे अतीशीघ्र संशोधित की जाए।
इस धरना प्रदर्शन में संघ के प्रदेश महासचिव ईश्वर श्रीवास, प्रदेश कोषाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष दुर्ग जागेश्वर साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरधर सोनी, गजेंद्र देशमुख, आरिफ खान, गंगादास मणिकपुरी, जिला अध्यक्ष खैरागढ़ यशवंत वर्मा, जिलाध्यक्ष कबीरधाम, घनश्याम चंद्रवंशी, जिलाध्यक्ष बेमेतरा जगमोहित साहू, किसुन देवगाँन, राजनांदगांव, जितेंद्र चंद्राकर, अवध साहू, यशवंत साहू, मोहित देशमुख, गणेश साहू, राकेश वर्मा, रोहित डड़सेना आदि प्रमुख पदाधिकारी सहित दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कवर्धा, मानपुर मोहला, खैरागढ़ जिला के सेवा सहकारी समिति के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल थे।