दुर्ग

युवक ने चलाया कटर, एक युवक गंभीर
05-Nov-2024 3:22 PM
युवक ने चलाया कटर, एक युवक गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 नवंबर।
जामुल थाना अंतर्गत नशे की हालत में आपराधिक किस्म के लोगों ने फ्लिपकार्ट के कुरियर ब्वाय पर जानलेवा हमला कर दिया। कुरियर ब्वाय के उंगली और प्राइवेट पार्ट में कटर लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को बेहोश होते तक पीटा। 

जामुल पुलिस ने बताया कि गुलशन तरिया खेदामारा थाना जामुल का रहने वाला है। वह पहले गार्ड का काम करता था। उसकी उन लोगों से पुरानी दोस्ती थी। रविवार शाम को सन्नी, भगवान और गुलशन ने शराब पार्टी की। इसी दौरान उसकी सन्नी से कुछ बहस हो गई। झगड़ा होने के बाद वो वहां से चला गया। शराब पीने के बाद सन्नी और भगवान रुंगटा कॉलेज से थोड़ा आगे कुरुद की तरफ बढ़े ही थे कि गुलशन, जीवन और तीन चार लडक़ों को लेकर वहां आ गया। आते ही वो उन लोगों को गाली गलौज करने लगा। भगवान यादव ने गुलशन को समझाने की कोशिश की, यार पीने खाने में जो बात हुई वो जाने दे, लेकिन गुलशन ने चाकू निकाला और सन्नी के प्राइवेट पार्ट में वार कर दिया। 

सन्नी ने उसे रोका तो उसका हाथ और प्राइवेट पार्ट के बगल से गहरी चोट लगी। इसके बाद सन्नी सडक़ पर लहूलुहान हालत में गिर गया। गुलशन काफी नशे की हालत में था। इससे पहले की वह और वार करता, वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया और इसके बाद लोगों ने उसको इतना मारा की वो वहीं बेहोश हो गया। कटरबाजी की इस घटना में गुलशन और सन्नी दोनों को गहरी चोट आई। 

उन्हें इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद से दोनों पक्ष में तनाव का माहौल है। भगवान यादव ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना हो जाने के बाद भी जामुल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इतना ही नहीं जीवन उन लोगों को बार बार फोन करके गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस को उसकी आवाज भी सुनाई, लेकिन पुलिस उसने पकडऩे तक नहीं गई।


अन्य पोस्ट