दुर्ग
यादव समाज ने गायों को बांधी सोहई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 नवंबर। जिले भर में आज गोवर्धन पूजा का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। यादव समाज के लोगों एवं पशुपालक किसानों ने गौशाला में गोबर से गोवर्धन बनाकर पूजा कर सपरिवार पूजा-अर्चना की, साथ ही गौधन की भी आरती खिचड़ी खिलाई गई, वहीं यादव समाज के लोगों ने किसानों के घर पहुंचकर उनके गौधन को सोहई बांधे।
छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा का उमंग व उत्साह देखते ही बनता है सुबह से किसान व यादव समाज के लोगों ने गौधन को नहलाने के पश्चात गोबर से गौशाला ( गाय कोठा) में गोवर्धन बनाकर इसे मेमरी,सिलियारी, धान की बालियों आदि से सजाए। इसके पश्चात घर-घर धूमधाम से गोवर्धन पूजा की गई।
यादव समाज के लोग मस्ती एवं उमंग के साथ उछल कूद कर दोहा पारते पशुपालक किसानो के घर पहुंचे जहां बाख, मयूर पंख आदि से सुसज्जित सोहई उनके पशु धन को बांधने के बाद अन्न व गौधन से किसान का घर परिपूर्ण रहे यह उन्हें आशीष भी प्रदान किया यह क्रम दिन भर चलता रहा।
गोबर का टीका लगाकर एक - दूसरे को दी बधाई
शाम के समय यादव समाज के लोग रंग बिरंगे पोशाक में राऊत नृत्य करते हुए ठाकुर जोहार कर किसानों को आमंत्रण देते हुए गोवर्धन ठौर पहुंचे जहां घुंघरू एवं बाजे के धुन में थिरकते हुए उन्होंने मनमोहक राऊत नृत्य प्रस्तुत किए साथ ही बीच बीच में मस्ती भरे अंदाज में उछल कूद कर प्रेरक दोहा पार रहे थे हाथ सुसज्जित फुलेता लाठी लिए एवं बाजुओं में साजू धारण किए यादव समाज के लोगों की सुंदरता देखते हीं बन रही थी।
अंत में गोवर्धन खुंदाने के पश्चात एक दूसरे के माथे पर गोबर का टीका लगाकर बधाई दी इस दौरान जगह जगह लोगों ने जमकर आतिशबाजी कर त्यौहार के इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की।