दुर्ग
दुर्ग, 3 नवंबर। मोहन नगर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात को एक हत्या का मामला सामने आया है। उरला के ओम नगर इलाके में दो भाइयों, थम्मन सिंह मानिकपुरी और खेलदास मानिकपुरी ने अपने पड़ोसी भूपेन्द्र सिंह राजपूत की टांगी से हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि भूपेन्द्र सिंह राजपूत ने शराब के नशे में दोनों भाइयों की मां के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। यह बात उनकी मां ने गुस्से में अपने दोनों बेटों को बताई। मां की यह बात सुनकर थम्मन सिंह और खेलदास आपा खो बैठे। इसके बाद दोनों ने भूपेन्द्र की पिटाई की और फिर टंगिया से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने भूपेन्द्र के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी भाइयों को पकडक़र न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल दाखिला किया गया है।