दुर्ग

मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 28 नवम्बर तक दावा-आपत्ति
30-Oct-2024 2:53 PM
मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन  28 नवम्बर तक दावा-आपत्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 30 अक्टूबर। मतदाता सूची का आज प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। इसके साथ ही समस्त मतदान केन्द्रों में दावा-आपत्ति प्राप्त करने का कार्य किया जा रहा है।

29 अक्टूबर से 28 नवम्बर तक कार्यालयीन दिवसों पर सभी मतदान केन्द्रों में दावा आपत्ति प्राप्त किया जाएगा। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को एडीएम अरविन्द एक्का और उप जिला निर्वाचन अधिकारी विरेन्द्र सिंह द्वारा उक्त जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान दिवस के तहत 9 नवम्बर (शनिवार), 10 नवम्बर (रविवार) एवं 16 नवम्बर (शनिवार), 17 नवम्बर (रविवार) को भी दावा आपत्ति प्राप्त करने का कार्य किया जाएगा। दावा आपत्ति का निराकरण 24 दिसम्बर तक किया जाएगा। दावा आपत्ति के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण उपरांत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2025 (सोमवार) को किया जाएगा। सतत अद्यतीकरण के तहत मतदाता सूची में नाम जोडऩे, काटने एवं संशोधन के लिये कार्यालयीन दिवस में किसी भी दिन तहसील कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान ऐसे भारतीय नागरिक जिनकी उम्र 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष पूर्ण होगी तथा जिनका नाम वर्तमान में किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जोडऩे के लिए आवेदन कर सकते हैं। आगामी 1 जनवरी के साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई, 1 अक्टूबर 2025 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा भी अपना अग्रिम आवेदन दे सकते हैं। मतदाता सूची से नाम विलोपन हेतु प्रारूप 7 में, मतदाता सूची की प्रविष्टियों में सुधार के लिये तथा एक ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थानांतरण की दशा में प्रारूप 8 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान तथा मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिये मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर में स्थित टोल फ्री नंबर 1950 में कार्यालयीन दिवस में प्रात: 10 बजे से सायंकाल 5.30 तक की अवधि में संपर्क कर सकते हैं।

पुनरीक्षण के समय प्राप्त दावे आपत्ति की सूची वेबसाईट पर उपलब्ध रहेगी। सूची में आपत्ति होने पर संबंधित निर्वाचक/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। मतदाता सूची में नाम जोडऩे, काटने, संशोधन एवं स्थानान्तरण के लिये पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं तथा मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के संबंध में मीडिया प्रतिनिधियों से स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार किये जाने का अनुरोध किया गया है।

मतदान केन्द्रों तथा विधानसभा मतदाताओं की जानकारी 29 अक्टूबर 2024 की स्थिति में विधानसभा पाटन में मतदान केन्द्र 250, महिला मतदाता 107798 और पुरूष मतदाता 109403, दुर्ग ग्रामीण मतदान केन्द्र 230, महिला मतदाता 108894, पुरूष 110186 एवं अन्य 05, दुर्ग शहर मतदान केन्द्र 226, महिला मतदाता 113467, पुरूष 118891 एवं अन्य 21, भिलाई नगर मतदान केन्द्र 169, महिला मतदाता 81526, पुरूष 81595 एवं अन्य 3, वैशाली नगर मतदान केन्द्र 258, महिला मतदाता 125535, पुरूष 126105 एवं अन्य 10, विधानसभा 67 अहिवारा मतदान केन्द्र 264, महिला मतदाता 117257, पुरूष 119804 एवं अन्य 10, साजा (आंशिक) मतदान केन्द्र 101, महिला मतदाता 44296, पुरूष 43710 एवं अन्य 2 और बेमेतरा (आंशिक) में मतदान केन्द्र 22, महिला मतदाता 9331 एवं पुरूष 9221 है। इस तरह सभी विधानसभा क्षेत्र से मतदाताओं की संख्या 1427070 है।


अन्य पोस्ट