दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 अक्टूबर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर प्राण घातक हमला करने वाले पांच आरोपियों को कोर्ट ने सजा दी है।
द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग प्रशांत पाराशर की कोर्ट ने पांच आरोपियों को धारा 307 के तहत 10-10 वर्ष सश्रम कारावास, धारा 506 (2) के तहत 7-7 वर्ष सश्रम कारावास, धारा 147 के तहत 2-2 वर्ष सश्रम कारावास तथा धारा 294 के तहत 3-3 माह के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक सत्येंद्र ठाकुर एवं जाहिदा परवीन ने पैरवी की थी।
कुम्हारी थाना में प्रार्थी आदेश गोड़ ने 23 अप्रैल 2024 को शिकायत दर्ज कराई कि वह, उसका बेटा विक्की गोड़ तथा रिश्तेदार अब्बू नेताम बाजार चौक कुम्हारी मार्केट के पास स्थित सुलभ शौचालय में नहाने के लिए गए हुए थे।
इस दौरान आरोपी पवन बेलदार, बिट्टू बेलदार, अमन बेलदार, समीर बेलदार तथा राजू बेलदार वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर प्रार्थी एवं अन्य के साथ मारपीट की। जब प्रार्थी, उसका बेटा एवं रिश्तेदार वहां से बचकर जाने लगे तो आरोपियों ने पीछा करते हुए उन्हें दौड़ाया और सरकारी अस्पताल के पीछे विक्की गोड़ को घेर कर पकड़ लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने हाथ में रखे डंडे एवं धारदार हथियार से विक्की गोड़ पर प्राण घातक हमला कर दिया। इससे विक्की को गंभीर चोटे आई और उसे अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया था।