दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अक्टूबर। डकैती और एनएसपीसीएल कॉलोनी में चोरी का माल खपाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दुर्ग पुलिस 120 दिनों तक म.प्र.में कैंप लगाकर माल खपाने वालों की पृष्ठभूमि खंगालने के बाद पुलिस किराएदार बनकर किराए का मकान खोजने के बहाने इंदौर में दबिश देकर माल खपाने वाले आरोपी राजेन्द्र कटार (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने के सिल्ली 600 ग्राम,चांदी 340 ग्राम और सोने-चांदी के गलाने व तौलने का मशीन बरामद किया है। पुलिस ने पूर्व में प्रकरण के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसपी ने टीम को 10 हजार रुपए की इनाम देने की घोषणा की है।
सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रुम में रविवार को दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने पत्रवार्ता में बताया कि 7 से 8 जून की रात आरोपियों ने एनएसपीसीएल कॉलोनी में चोरी और अंजोरी चौकी अंतर्गत रसमड़ा निवासी दिलीप टिंबर के डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया। इसके बाद जांच के दौरान वारदात में शामिल आरोपियों के मध्यप्रदेश के धार से होने का सुराग मिला। इसके बाद एसीसीयू व अंजोरा की टीम को धार-झाबुआ, अलीराजपुर (म.प्र) में कैंप कराया गया, जिनके द्वारा डकैती की मशरूका को खरीदने वाले कपिल जैन एवं प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी दीपक सेंगर, अनिल चौहान, अनिल बघेल, गणपत डावर के संबंध में पतासाजी किया जा रहा था कि सूत्रों से टीम को खबर मिली की कपिल जैन के लिए चोरी डकैती से प्राप्त होने वाले सोने चांदी के जेवरातों को आरोपियों से प्राप्त कर कपिल जैन तक पहुंचाने का काम करने वाले आशीष पटलिया के संबंध में छानबीन की। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि वर्तमान में गुरूनानक कालोनी राजाबाग इंदौर में छुपकर रह रहा है।
दुर्ग एसपी शुक्ला ने बताया कि इसके बाद टीम तस्दीक करने स्वयं किरायेदार बन कर क्षेत्र में किराए का मकान खोजने के बहाने आरोपी के ठिकाने का पता लगाया। इस पर तत्काल डीएसपी क्राइम हेम प्रकाश नायक के नेतृत्व में चौकी प्रभारी अंजोरा एवं एससीसीयू की एक औ´र टीम इंदौर रवाना हुई, लेकिन आरोपी आशीष पटलिया रेड के पूर्व ही फरार हो गया, लेकिन उसका सहयोगी राजेन्द्र कटार मौके पर मिला। पूछताछ में आशीष पटलिया को कपिल जैन के एजेंट का कार्य करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपी राजेंद्र ने बताया कि कपिल जैन के कहने पर भंगुडावर, जगदीश मोहनिया, भूरसिंह दीपक सेंगर, अनिल चौहान, अनिल बघेल, गणपतडावर व अन्य लोगों द्वारा चोरी लूट डकैती कर लाए सोने-चांदी के जेवरों को उनके गांवों से लेकर आया था। कपिल जैन के कहने पर गहनों को गलाकर उसकी सिल्ली बनाई। इसके लिए उसे पारिश्रमिक के रूप में प्रतिदिन के हिसाब से 500 रूपए देना बताया है। प्रकरण में आरोपी राजेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने आशीष पटलिया के छुपने वाले संभावित ठिकाने पर रेड मारी। इस दौरान टीम उसके घर ग्राम अमझेरा जिला धार भी पहुंची। लेकिन आरोपी वहां से भी फरार हो गया।