दुर्ग

निष्क्रियता का कोई स्थान नहीं-संपत
26-Oct-2024 2:48 PM
निष्क्रियता का कोई स्थान नहीं-संपत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 अक्टूबर। प्रदेश में अगले कुछ दिनों में प्रस्तावित नगरीय निकाय के चुनावों से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी एस ए संपत कुमार ने वरिष्ठ नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा, आर एन वर्मा, राजेन्द्र साहू, जिला अध्यक्ष गया पटेल, मुकेश चंद्राकर की मौजूदगी में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक ली एवं कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए प्रेरित किया।

संपत कुमार ने कहा कि एक पार्षद के पद से अपने सफर की शुरुआत कर श्रद्धेय मोतीलाल वोरा ने देश की राजनीति के शीर्ष स्थान तक का रास्ता तय किया वो देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एक प्रेरणा हैं। यह गौरव का विषय है कि अब तक हमने सिर्फ जिनके कद की चर्चा सुनी थी उनके गृह जिले में आने का अवसर मिल सका है। संपत कुमार ने प्रभारी सचिन पायलट का संदेश देते हुए कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में निष्क्रियता का कोई स्थान नहीं है। पद की गरिमा के साथ न्याय करना भी जरूरी है। निष्क्रिय पदाधिकारी स्वयं अपने आप में विचार करें। हम शक्तिशाली विपक्ष के साथ घर बैठे नहीं लड़ सकते। देश की सामाजिक एकता और समरसता के विरोधी शक्तियों को सत्ता से दूर रखने के लिए कठिन संघर्ष जरूरी है।

वरिष्ठ नेता अरुण वोरा ने भाजपा सरकार के 10 माह के कार्यकाल पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि शांति का टापू कहलाने वाला हमारा भोला भाला प्रदेश कुशासन के दुष्चक्र में फंस कर अपराध का गढ़ बन गया है। जगह जगह लूटपाट डकैती, हत्या, गोली कांड चाकू बाजी जैसी दुखद घटनाएं आए दिन घट रही हैं। युवा, महिला, किसान, मध्य वर्ग बेरोजगारी एवं महंगाई से परेशान हैं। कांग्रेस पिछले एक सदी से भी ज्यादा समय से आवाम की आवाज बनकर हमेशा जनकल्याण की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस पार्टी सिर्फ लोगों की भीड़ नहीं बल्कि एक वृहद विचारधारा है जो देश की एकता अखंडता और सामाजिक सौहार्द्र से कभी समझौता नहीं कर सकती। एक व्यक्ति के रूप में सभी से गलतियां होती हैं पर पार्टी और विचारधारा के नाम पर हम सब एकजुट होकर और जनसेवा की भावना से काम करें।

इस दौरान पूर्व महापौर शंकर लाल ताम्रकार, क्षितिज चंद्राकर ब्लॉक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा राजकुमार पाली राजकुमार वर्मा महिप सिंह भुवाल, प्रवक्ता नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज, दीपक दुबे, कन्या ढीमर, संदीप वोरा, सुमित वोरा, विवेक मिश्रा, संदीप बक्शी, देवसेना, अनूप पाटिल, कमल नारायण रुंगटा, विनोद सेन, हेमा साहू, आनंद कपूर ताम्रकार, कौशल किशोर सिंह, केडी देवांगन, अशोक मेहरा, गणेश सोनी, अयूब खान, मुकीम खान, कृष्णा देवांगन, मनीष सोनवानी, शिवाकांत तिवारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट