दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 अक्टूबर। शहर में विभिन्न स्थानों पर से अनुपयोगी खम्भों को हटाने व 18 वर्ष के युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोडऩे सहित 24 एवं 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट में आवश्यक सिविल कार्य हेतु डीएमएफ फण्ड से राशि स्वीकृत हेतु महापौर ने कलेक्टर से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा।
उन्होंने बताया कि निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर मे विभिन्न स्थानों पर बीएसएनएल एवं शहर के सडक़ किनारे व वार्डों के भीतर सीएसपीडीसीएल विद्युत विभाग के बहुत पुराने एवं अनुपयोगी पोल जहां-तहां लगे हुए है, जिसके कारण दुर्घटना हो रही है, व्यर्थ ही आवागमन मे अवरोध तथा अतिक्रमण मे सहायक, पार्किंग एवं सौंदर्यीकरण हेतु बाधा बने हुए है। ऐसे खम्भों को हटाया जाना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा सभी अनुपयोगी खम्भों को जांचकर शीघ्र हटाए जाने संबंधित विभाग को निर्धारित समयावधि देकर हटाए जाने निर्देशित करने की चर्चा की।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी से नगरीय निकाय निर्वाचन 2024 हेतु दुर्ग शहर के सभी मतदान केन्द्रों मे 16 से 23 अक्टूबर तक नाम जोडऩे का कार्य किया जा रहा है। जिसमें 1 जनवरी 2024 तक जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, केवल उन्हीं युवाओं का नाम जोड़ा जा रहा है। जबकि उसके पश्चात दस माह और बीत चुका है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान आवेदन जमा करने के अंतिम दिनांक तक जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष हो चुकी है उन सभी मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा जाना आवश्यक है। जिससे कि वे अपने मताधिकार का सही समय पर उपयोग कर सके। इसके अलावा महापौर धीरज बाकलीवाल ने सभापति राजेश यादव, एमआईसी संजय कोहले, दीपक साहू, हमीद खोखर, मनदीप सिंह भाटिया, पार्षद विजेंद्र भारद्वाज, सतीश देवांगन, प्रकाश जोशी, काशीराम रात्रे, मनीष कुमार बघेल के साथ महापौर ने कलेक्टर से फिल्टर प्लांट 42 एमएलडी के सबस्टेशन के इनर पैनल को आउट डोर करने तथा 24 एवं 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट में आवश्यक सिविल कार्य हेतु डीएमएफ फण्ड से राशि स्वीकृत की पत्र द्वारा मांग की है।
महापौर ने कहा कि रायपुर नाका नगर पालिक निगम 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट के सब स्टेशन में नमी आने के कारण लगातार जलप्रदाय बाधित होने से शहर वासियों को परेशानी हो रही है। जिसके स्थाई समाधान हेतु 42 सबस्टेशन को आउट डोर सिस्टम करने हेतु राशि 28.55 लाख तथा फिल्टर प्लांट परिसर के ड्रेनेज सिस्टम सबस्टेशन पहुंच मार्ग, सुरक्षा हेतु पुरानी दिवाल के ऊंचाई बढाने तथा अन्य सिविल रिनोवेशन कार्य हेतु राशि क्रमश: 40.42 लाख, कुल योग 68.97 लाख, राशि डीएमएफ मद से स्वीकृत करने की मांग की गई है।