दुर्ग
दुर्ग, 17 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा एपीजे अब्दुल कलाम आजाद मिसाइल मैन भारत के पूर्व राष्ट्रपति का जन्मदिन इंदिरा मार्केट दुर्ग में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष साजन जोसेफ ने एपीजे अब्दुल कलाम आजाद की जीवनी पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में चंडी शीतला मंडल अध्यक्ष विजय ताम्रकार, जानू भाई, अल्पसंख्यक मंडल अध्यक्ष फारुख चौधरी, गफूर, जाकिर कुरैशी, बब्बू कुरैशी, साकिब कुरैशी, वसीम कुरैशी, शकील चौधरी सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।
दो युवकों ने की अधेड़ से मारपीट
दुर्ग, 17 अक्टूबर। घर के सामने खड़े रहकर गाली गलौज कर रहे दो आरोपी युवक को मना करना अधेड़ को भारी पड़ गया। दोनों आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। प्रार्थी की शिकायत पर उतई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115 (2), 296, 351 (3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। जानकारी के मुताबिक प्रार्थी मनहरण यादव रोजी मजदूरी का काम करता है। 13 अक्टूबर की शाम को अपने घर के पास था उसी समय पड़ोस में रहने वाले आरोपी नुमेश और हेमंत दोनों पुरानी बात को लेकर प्रार्थी के घर के पास गाली गलौज कर रहे थे। जब प्रार्थी ने गाली गलौज करने से मना किया तो दोनों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्के एवं हाथ में पहने कड़े से प्रार्थी पर वार कर दिया।
डेंगू का नया मरीज मिला
दुर्ग, 17 अक्टूबर। जिले में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को स्मृति नगर में डेंगू का एक नया मरीज मिला है। 52 वर्षीय एक महिला की डेंगू रिपोर्ट पॉजीटिव पाई गई है। वर्तमान में डेंगू के तीन एक्टिव केस हैं। इसके पहले सेक्टर 1 तथा सेक्टर 9 भिलाई में डेंगू के मरीज मिले थे। तीनों मरीजों का इलाज सेक्टर 9 भिलाई अस्पताल में चल रहा है। वहीं दूसरी ओर जिले में स्वाइन फ्लू का एक भी नया मरीज नहीं मिला है।
भारती विवि के विद्यार्थियों का शैक्षणिक अध्ययन
दुर्ग, 17 अक्टूबर। भारती विश्वविद्यालय के फॉर्मेसी विभाग में अध्ययनरत बी.फॉर्मा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा में एमओयू के तहत शैक्षणिक अध्ययन का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक अध्ययन में विद्यार्थियों ने एनिमल हैंडलिंग, डिटेक्शन हाऊस, पोस्टमार्टम हाऊस, फॉर्माकोलॉजी लैब का भ्रमण किया और कार्यप्रणाली को सीखा।
विद्यार्थियों ने स्माल एनिमल हाऊस में एक्सपेरिमेंटल एनिमल-खरगोश, एलबिनोमाइस, स्माल एलबिनोमाइस इत्यादि के बारे में एनिमल हैंडलिंग का अध्ययन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न तरह के एनिमल हैडलिंग का ज्ञान कराना था, जिससे वे भविष्य में दवा का परीक्षण आसानी से कर सकें। शैक्षणिक अध्ययन के दौरान कामधेनु विश्वविद्यालय, अंजोरा के साइंटिस्ट डॉ.जसमीत सिंह, डॉ. श्रृद्धा नीति एसोसिएट प्रोफेसर, डॉ. सी.एस. सनत असिस्टेंट प्रोफेसर का सहयोग प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों का नेतृत्व एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रगति बघेल, सहायक प्राध्यापक श्रुति पॉल, नेहा शर्मा और वीरेन्द्र वैष्णव ने किया। इस शैक्षणिक अध्ययन का आयोजन डॉ. विजेन्द्र सूर्यवंशी, डीन फॉर्मेसी के मार्गदर्शन में हुआ। भारती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बी.एन. तिवारी, उप-कुलपति डॉ. आर.एन.सिंह, ग्रुप रजिस्ट्रार घनश्याम साहू, सीओओ प्रभजोत सिंह भुई ने विद्यार्थियों को बधाई दी।
धमकी देकर पति ने की मारपीट
दुर्ग, 17 अक्टूबर। नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी पति के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि बैजनाथ पारा वार्ड 38 निवासी मधु सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और सिलाई का काम करती है। उसकी शादी लगभग 15 वर्ष पूर्व मनीष सोनकर के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी, उसके दो बच्चे भी हैं। उसका पति आरोपी मनीष सोनकर हमेशा शराब के नशे में आकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट व झगड़ा करते रहता था। 15 अक्टूबर को दोपहर में 2.30 बजे मनीष सोनकर घर आया और घरेलू बात को लेकर पत्नी के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इससे प्रार्थिया को चोटे आई। प्रार्थिया की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 115 (2), 296, 351 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।