दुर्ग

गरबा उत्सव में महापौर संग थिरके श्रद्धालु
10-Oct-2024 4:03 PM
गरबा उत्सव में महापौर संग थिरके श्रद्धालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 अक्टूबर।
शहर में पहली बार दो दिवसीय गरबा उत्सव का आयोजन पद्मनाभपुर के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में किया गया। पहले दिन ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गरबा के माध्यम से माता रानी की आराधना की। महापौर धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में दुर्ग नव निर्माण समिति द्वारा आयोजित भव्य गरबा उत्सव का श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद लिया।

सर्वप्रथम माता की आरती के साथ गरबा उत्सव की शुरुआत की गई। जहां हजारों की संख्या पर लोग माता की भक्ति में डूबे रहे। गरबा उत्सव में बच्चों से लेकर युवक-युवतियां शामिल हुए। जबलपुर की रॉक बैंड एवं विशेष विद्युत शास्त्र सजा आकर्षण का केंद्र रही। रास गरबा उत्सव की भव्यता की तारीफ आम शहरवासियों ने भी की, सबका यही कहना था कि दुर्ग शहर में पहली बार इतना भव्य गरबा का आयोजन हुआ है। जिसके लिए सबने दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल एवं दुर्ग नवनिर्माण समिति का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में दुर्ग रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी जितेंद्र शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर भार्गव, एवं आयुक्त लोकेश चंद्राकर सहपरिवार गरबा का आनंद उठाने मिनी स्टेडियम पहुंचे थे। शानदार बैंड और माता की भक्ति भरी गीत सुनकर अधिकारी भी खुद को गरबा करने से रोक नहीं पाए और वे  भी गरबा की धुन में थिरकते नजर आए। प्रथम दिवस सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ एक्ट्रेस आस्था शर्मा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने पहुंची थी। वहीं दूसरे दिन सुप्रसिद्ध छत्तीसगढी एक्ट्रेस काजल श्रीवास का आगमन गरबा उत्सव में होगा। गरबा उत्सव 9 अक्टूबर को भी चलेगा।

माता के दरबार जनता मार्केट में रासगरबा में झूमे श्रद्धालु
 

नवरात्र पर्व पर दुर्ग शहर के दुर्गा माता के पंडालो में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही साथ ही गरबा ओर डांडिया की धूम मची हुई है। पद्मनाभपुर के जनता मार्केट के  फेमस पंडाल में माता कुटीया में विराजमान हैं व रामदरबार की प्रसिद्ध चलित झांकी को देखने हेतु ट्विनसिटी भिलाई दुर्ग के हजारों लोग दर्शन हेतु देर रात तक पहुँच रहे हैं। इसी दौरान लोग गरबा और डांडिया करते मस्ती में थिरकते नहीं थक रहे हैं। सप्तमी के अवसर पर शाकम्भरी देवी की पूजा की गई जिसमें प्रसाद में हरी सब्जी का वितरण किया गया शनिवार को महाभण्डारा व रविवार को भव्य विसर्जन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट