दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 सितंबर। जिला पंचायत शिक्षा समिति की सोमवार को आयोजित बैठक में एक शिक्षक के मामले में विभाग द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में शिकायत को निराधार बताया गया वहीं बैठक के दौरान विद्यालय में फोन करने पर उक्त शिक्षक गायब पाया गया। इससे बैठक में मौजूद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी हक्के बक्के रह गए जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यों ने गायब रहने वाले शिक्षक की शिकायत पर प्रस्तुत जांच रिपोर्ट को लेकर सवाल उठाया और मामले में कार्रवाई किए जाने मांग की।
जानकारी के अनुसार सामान्य सभा बैठक बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा यादव ने प्रधान पाठक शास प्राथ शाला अछोली (धमधा) द्वारा उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर कर शाला उनके गायब रहने का मुद्दा उठाया था तब सदस्यों की मांग पर विभागीय अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही थी।
बैठक शुरू होने पर अध्यक्ष यादव, उपाध्यक्ष अशोक साहू एवं सभापति लक्ष्मी साहू ने मामले में क्या कार्रवाई हुई यह जानना चाहा तब जिल शिक्षा अधिकारी ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जांच में शिकायत निराधार पाया गया है। इससे असंतुष्ट जिला पंचायत अध्यक्ष ने तत्काल बैठक से ही संबंधित शाला के स्टाफ को फोन लगाने कहा इस पर फोन लगाने पर उक्त शिक्षक स्कूल नहीं आए है और न ही आनलाइन छुट्टी के लिए आवेदन किए है। यह पता चलते ही जांच रिपोर्ट पर सवाल उठने लगी तब जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने कहा कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई करेंगे।
बैठक में बताया गया कि स्कूल जतन योजना के तहत जिले में शाला भवन मरम्मत के पूर्व में स्वीकृत 158 कार्यों में 43 अभी तक अपूर्ण है। इस पर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए इसे जल्द पूरा करने कहा सदस्यों द्वारा उक्त किए गए कार्यो का मौके पर जाकर निरीक्षण करने प्रस्ताव लिया गया।
बैठक में सदस्यों प्राथमिक शालाओं में शिक्षकों के भारी कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई शालाओं में शिक्षकों के अभाव में स्कूल बंद होने के कगार पर है। इस संबंध में शासन को पत्र प्रेषित करने निर्णय लिया गया इसी प्रकार बैठक में शाला भवन जीर्णेद्वार के 355 कार्यो का प्रस्ताव लेकर भेजा गया इस संबंध में प्राक्कलन मंगाए जाने की जानकारी दी गई।