दुर्ग
दुर्ग, 24 सितंबर। पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत स्थित शीतला तालाब में डूबने से एक 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को खोजकर बाहर निकाला। बताया जाता है कि मृतका दो भाइयों को इकलौती बहन थी। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।
एसडीआरएफ दुर्ग के प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनके पास सोमवार सुबह दुर्ग कंट्रोल रूम से फोन आया था कि एक किशोरी शीतला तालाब में डूब गई है। सूचना मिलते ही उन्होंने एक टीम को मौके पर भेजा। डीप डाइविंग अनुभवी जवान इंद्रपाल यादव ने कई घंटे की खोजने के बाद तालाब से बॉडी को बाहर निकाला। किशोरी की पहचान भावना सागर उर्फ बेबो पिता दिनेश सागर (15) निवासी सिविल लाइन के पास घासीदास वार्ड 47 के रूप में हुई है। उसका शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस के सुपुर्द किया गया। मृतका बेबो दो भाइयों में एकलौती बहन थी। उसके पिता दिनेश सागर प्राइवेट काम करते हैं। बेबो का एक बड़ा भाई है और एक छोटा। बेबो 9वीं क्लास में ड्रीम इंडिया स्कूल दुर्ग में पढ़ती थी। वह तालाब में कैसे डूबी या उसने आत्महत्या की है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।