दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 सितंबर। जिले में एक ओर जहां स्वाइन फ्लू के नए मामले आ रहे हैं वहीं दूसरी ओर स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या भी बढऩे लगी है। गुरुवार को नेहरू नगर भिलाई के एक व्यक्ति की मौत स्वाइन फ्लू से हो गई। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज जुनवानी में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस तरह दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 5 पहुंच गई है। जिले में गुरुवार को स्वाइन फ्लू के दो और नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ सीबीएस बंजारे से मिली जानकारी के अनुसार कुम्हारी तथा अंजोरा ढाबा में स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिले हैं। वर्तमान में दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के 10 एक्टिव केस हैं। इन मरीजों का इलाज रायपुर तथा भिलाई के अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। एम्स रायपुर में स्वाइन फ्लू के 6 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा एमएमआई रायपुर में 2 तथा चंदूलाल मेडिकल कॉलेज कचांदूर व बीएम शाह हॉस्पिटल भिलाई में स्वाइन फ्लू के एक-एक मरीज भर्ती है।