दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 सितंबर। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के फॉरेंसिक साइंस और विधि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘अपराध स्थल अन्वेषण’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मोहन पटेल, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, क्राइम सीन यूनिट, दुर्ग ने फांसी के मामलों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने जटिल मामलों को सुलझाने के लिए उपयोग की जाने वाली विधियों पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. पटेल ने बताया कि अपराध स्थल की सही पहचान और सबूतों का सटीक विश्लेषण बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में केस सुलझाने के विभिन्न तकनीकी और प्रायोगिक पहलुओं को साझा किया, जिससे प्रतिभागी विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में नई जानकारी और दृष्टिकोण प्राप्त हुआ। डीन छात्र कल्याण विभाग डॉ. स्वाती पाण्डेय ने कार्यक्रम के लिए फॉरेंसिक साइंस और विधि विभाग के प्राध्यापकों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर फॉरेंसिक विज्ञान विभाग के छात्रों ने अम्लीय हमले पर विचारात्मक नृत्य और अपराध स्थल पर नाटक प्रस्तुत किया। रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसकी थीम ‘क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन’ था। इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि डॉ. मोहन पटेल और डीन अकादमिक डॉ. आलोक भट्ट निर्णायक थे। डॉ. आलोक भट्ट ने बताया कि फोरेंसिक विज्ञान विभाग समाज में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष फॉरेंसिक साइंस विभाग निशा पटेल और डॉ. निमिषा मिश्रा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की आयोजन में जयंत बारीक, स्वेता सिंह, सूरज मुदुली, समीक्षा नैयर, प्राची, आस्था चतुर्वेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्यक्रम में राजेन्द्र जी, डॉ. प्रतिभा कुरूप, प्रो. स्वाति पाण्डेय, डॉ. शोभा सिंह, सम्पदा बैस, पूजा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण और विद्यार्थी उपस्थित थे।