दुर्ग

जनदर्शन में103 आवेदन
03-Sep-2024 3:36 PM
जनदर्शन में103 आवेदन

दुर्ग, 3 सितंबर। भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन का अब तक किसानो को मुआवजा नहीं मिला है। इन प्रभावित किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपा। जनदर्शन में जनसामान्य की ओर से कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर आज अपर कलेक्टर बजरंग दुबे ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। ज्ञापन सौंपने वाले दुर्ग ग्रामीण के किसानों ने कहा कि ग्राम पंचायत बोरीगारका (करगाडीह) में स्थित भूमि स्वामित्व को भारतमाला परियोजना अंतर्गत प्रभावित भूमि स्वामियों का नाम अवार्ड सूची में सम्मिलित कर मुआवजा राशि प्रदान की जाए। इस पर अपर कलेक्टर ने जानकारी दी कि प्रभावित भूमि स्वामियों का नाम अवार्ड सूची में सम्मिलित कर लिया गया है, जल्द ही मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।

वहीं एक आवेदन में शासकीय हाई स्कूल केम्प-02 भिलाई, शासकीय हाई स्कूल नवीन प्रा.शाला केम्प-02 एवं बाल मंदिर केम्प-02 भिलाई के तीनों स्कूल परिसरों में व्यापारियों एवं रहवासियों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की गई। इस पर अपर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

इसी प्रकार ग्राम बोरसी निवासियों ने बताया कि उनके द्वारा अस्थायी रूप से दूर स्थित पोल से विद्युत कनेक्शन कर जीवनयापन किया जा रहा है। वार्ड में कोई विद्युत पोल नहीं होने के कारण स्थायी कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। वार्ड में कच्चे एवं पक्के दोनों मकान हैं। रात में वार्ड में अंधेरा हो जाने के कारण वार्डवासियों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

वहीं पार्षद ने वार्ड नम्बर-33 संतोषी पारा केम्प 2 भिलाई में स्थित उपस्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर पदस्थ कराने की मांग की। विगत एक वर्ष पूर्व उपस्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित डॉक्टर का स्थानांतरण हो जाने के कारण उक्त स्थान पर किसी अन्य डॉक्टर को पदस्थ नहीं करने के कारण वार्डवासियों एवं गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण व अन्य उपचारों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उप स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों का आना-जाना हमेशा लगा रहता है। जनदर्शन में आज  प्रधानमंत्री आवास योजना, आर्थिक सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, सडक़ मरम्मत, राशन कार्ड, अवैध कब्जा सहित अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए। इन सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया गया।


अन्य पोस्ट