दुर्ग

छग सिख पंचायत ने इमरजेंसी फिल्म का किया विरोध, ज्ञापन
02-Sep-2024 3:35 PM
छग सिख पंचायत ने इमरजेंसी फिल्म का किया विरोध, ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 2 सितंबर। छग सिक्ख पंचायत ने कंगना रनौत की इमरजेंसी फिल्म का विरोध किया है। उन्होंने दुर्ग-भिलाई के सिनेमा घरों में उक्त फिल्म नहीं लगाने के साथ साथ कार्रवाई किए जाने मांग की है। समाज के लोगों ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को मामले में ज्ञापन सौंपा है।

 सौंपे गए ज्ञापन में छग सिक्ख पंचायत के चेयरमेन जसबीर सिंह चहल एवं महासचिव गुरुनाम सिंह ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन पर आधारित इमरजेंसी फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया था। यह फिल्म 6 सितंबर को रिलीज हो सकती है। कंगना रनौत लिखित निर्देशित एवं निर्मित यह फिल्म सिक्ख समुदाय के प्रति नफरत को बढ़ावा देगी। फिल्म के ट्रेलर में गलत ऐतिहासिक तथ्यों को दर्शाया गया है। फिल्म के जरिए सामाजिक ताने-बाने को नष्ट करने का प्रयास किया गया है। वहीं ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि सिख समुदाय के लोगों ने धार्मिक भेदभाव की वजह से एक बस को रोककर उसमें सवार हिंदू समुदाय के लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग भी की। बिना किसी ऐतिहासिक आधार पर सिख समुदाय और उनके धार्मिक संस्थाओं को बदनाम करने की नौटंकी रची गई है। सिखों के चाल चरित्र को जानबूझकर गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इस फिल्म को दुर्ग भिलाई सिनेमा हॉल एवं मॉल में कहीं भी लगने नहीं दिया जाए अन्यथा समाज में इस फिल्म के प्रभाव से अगर कोई घटना घटती है या किसी तरह का माहौल खराब होता है तो उसका जिम्मेदार स्वयं प्रशासन होगा। छत्तीसगढ़ सिक्ख पंचायत भिलाई दुर्ग इस फिल्म में सिक्खों की एवं सिख समाज की दर्शायी भूमिका का कड़ा विरोध करती है। उन्होंने कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट