दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 सितंबर। दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू का कहर जारी है। अब तक स्वाइन फ्लू से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं वर्तमान में स्वाइन फ्लू के 20 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती है, जिसका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 20 दिनों के भीतर स्वाइन फ्लू के 23 मरीज मिले थे, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है। विभाग के अधिकारी स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट मोड में है। सभी मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 31 अगस्त को सेक्टर 4 निवासी एक व्यक्ति (59) की मौत हो गई। उसे 11 अगस्त को एमएमआई रायपुर में भर्ती कराया गया था। इससे पहले सेक्टर 5 और कुम्हारी निवासी 2 बुजुर्गों की स्वाइन फ्लू से मौत हुई है।
चरोदा, भिलाई तथा पाटन क्षेत्र में स्वाइन फ्लू का संक्रमण अधिक देखने को मिल रहा है। 30 अगस्त को एक ही दिन में 3 नए मरीज और मिले हैं। सभी भिलाई के कोहका, कैंप और पदुमनगर क्षेत्र से हैं। तीनों मरीजों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के अनुसार भिलाई में स्थित शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज और चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में 2-2 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं तीन मरीजों का इलाज घर पर ही चल रहा है। इसके अलावा रायपुर के एमएमआई, एम्स, नारायणा, भिलाई के स्पर्श, हाईटेक अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू से पीडि़त मरीज का इलाज चल रहा है।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने सभी सरकारी अस्पतालों सहित निजी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है। जहां भी स्वाइन फ्लू के नए मरीज मिल रहे हैं, वहां उनके परिजनों और पड़ोसियों की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास से कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की भी जांच कर उन्हें दवा दी जा रही है। स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर जागरूक किया जा रहा है।