दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अगस्त। भारती विश्वविद्यालय के एन्टी रैगिंग प्रकोष्ठ के तत्वावधान में तीन दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एन्टी रैगिंग सप्ताह के रूप में मनाया गया।
इस कार्यक्रम को तीन सत्रों में विभाजित किया गया था। प्रथम सत्र एन्टी रैगिंग ओरिएंटेशन प्रोग्राम, द्वितीय सत्र निबंध लेखन प्रतियोगिता जिसका विषय था-रैगिंग एक अपराध तथा तृतीय सत्र में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग के विषय में जागरूक करना था तथा रैगिंग से संबंधित नियमों के बारे में बताना था।
इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. निशा गोस्वामी ने एंटी रैगिंग एक्ट के बारे में जानकारी दी तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के मानवीय मूल्य एवं व्यवहार के बारे में बताया। प्रकोष्ठ की सदस्य आस्था चतुर्वेदी ने बतााया कि रैगिंग एक अपराध है। यदि कोई विद्यार्थी रैगिंग करता पाया जाता है तो उसे कारावास हो सकती है या जुर्माना लगाया जा सकता है या वह कॉलेज से निकाला जा सकता है। परिणामस्वरूप उस विद्यार्थी का कॅरियर खराब हो सकता है।
इस कार्यक्रम में प्रियंका साहू, डॉ. के.सी. भगत एवं मेघा ने कहा कि एंटी रैगिंग स्क्वायड्स एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के ही भाग होते हैं तथा उनकी भूमिका कॉलेज, हॉस्टल, कैंटीन तथा बस में होने वाली रैगिंग गतिविधियों पर नजर रखने की तथा उसे रोकने की होती है। साथ ही इसकी सूचना एंटी रैगिंग के सदस्यों को समय रहते देनी पड़ती है।
इस अवसर पर एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के सदस्य कृतिका साहू, सहायक प्राध्यापक ने भी संबोधित किया।
इस कार्यक्रम के आयोजन में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. स्वाति पाण्डेय, डॉ. शोभा सिंह अधिष्ठाता लॉ एवं एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग, लॉ, फॉरेन्सिक, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल थे।