दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 अगस्त। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी युक्तियुक्तकरण के विरोध में शिक्षक मुखर हो चुके हैं। जिला स्तरीय प्रदर्शन के पश्चात अब ये शिक्षक जनप्रतिनिधियों का दरवाजा खटखटा रहे हैं। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शिक्षकों का समूह हर स्तर पर युक्तियुक्तकरण का विरोध कर रहे हैं।
इसी कड़ी में शिक्षक संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधि मंडल दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव तथा ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर से मुलाकात कर युक्तियुक्तकरण के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने विधायकों को जानकारी दी कि युक्तियुक्तकरण निर्देशों में भारी खामियां हैं तथा पूरी प्रक्रिया विसंगतिपूर्ण है। शिक्षकों तथा बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए इस युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया को स्थगित किया जाना उचित होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में मोर्चा के चंद्रशेखर तिवारी, संजीव मानिकपुरी, कृष्णा वर्मा, शत्रुघन साहू, जयंत यादव, योगेश वर्मा, संजय चंद्राकर, किशन देशमुख, तिलक सेन, खिलेश्वर देशमुख, हिमांशु साहू, भूपेंद्र साहू, सरस्वती गिरिया किरण गौर, प्रीति टांक सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
विधायकों को ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षा विभाग द्वारा जारी युक्तियुक्तकरण के निर्देशों से प्रदेश के शासकीय स्कूलों की अध्यापन व्यवस्था चौपट होने, शैक्षणिक सत्र के बीच हजारों शिक्षक के इधर-उधर होने से शिक्षा व्यवस्था में अफरा तफरी मचने, शाला प्रबंधन समिति व स्थानीय निकाय व पालकों की सहमति नहीं लिए जाने से जनमानस में आक्रोश जनित होने की आशंका से अवगत कराया और इस प्रक्रिया को स्थगित करने की मांग की।
शिक्षकों का कहना है कि युक्तियुक्तकरण के निर्देशों से शासकीय स्कूलों का अध्यापन बुरी तरह प्रभावित होगा। निजी स्कूलों को बढ़ावा मिलेगा बढ़ावा। शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी। शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने कहा है कि किसी भी स्थिति में 2008 के विभागीय सेटअप से छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए। जिला संचालक दुर्ग चन्द्रशेखर तिवारी, संजीव मानिकपुरी, कृष्णा वर्मा, शत्रुघन साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संचालक विकास राजपूत, वीरेंद्र दुबे, संजय शर्मा व मनीष मिश्रा के सामूहिक नेतृत्व में पूरे प्रदेश के शिक्षक युक्तियुक्तकरण के जारी निर्देशो का विरोध कर रहे हैं। अगले चरण में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संचालक गण 2 से 3 सितंबर के बीच शिक्षा सचिव, संचालक डीपीआई से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। मुख्यमंत्री से प्रत्यक्ष मुलाकात हेतु भी मोर्चा संचालक समय की मांग किया है। इन सबसे भी यदि बात न बनी तो प्रदेश के शिक्षक सडक़ की लड़ाई लडऩे हेतु तैयार हैं।