दुर्ग

ब्रह्माकुमारीज आनंद सरोवर बघेरा में राधे-कृष्ण की चैतन्य झाँकी
26-Aug-2024 4:08 PM
ब्रह्माकुमारीज आनंद सरोवर बघेरा में राधे-कृष्ण की चैतन्य झाँकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राधे-कृष्ण की चैतन्य झांकी का शुभारंभ हुआ।

इस झांकी में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेम कुमार (अपर प्रधान, मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी रायपुर छत्तीसगढ़), रुचिका जैन (जय आईल मिल), कमलेश पवार (एचआर, अमलगम फैक्ट्री रसमड़ा), और आरएल ठाकुर (संख्युक्त संचालक शिक्षा विभाग दुर्ग) सम्मिलित हुए। ब्रह्माकुमारीज दुर्ग की संचालिका रीटा बहन और वरिष्ठ शिक्षिका रूपाली बहन जी के सानिध्य में सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर झांकी का शुभारंभ किया।

प्रेम कुमार जी ने अपनी उद्बोधन में कहा, कृष्ण से हमें यह शिक्षा मिलती है कि मनुष्य अपने पाप-पुण्य कर्मों का स्वयं भागी होता है जिसका फल उसे भोगना ही पड़ता है। रुचिका जैन ने सभी आए हुए अतिथियों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए अपना अनुभव बताया, आनंद सरोवर में आने से एक अलौकिक शांति की अनुभूति हुई। आरएल ठाकुर ने कहा चैतन्य झांक प्रारंभ होने के पूर्व ब्रह्माकुमारी शिवानी बहन का वीडियो देखें जिसमें कृष्ण जन्माष्टमी के रहस्य की इतनी परिष्कृत व्याख्या हमने आज तक नहीं सुनी कि महाभारत में अर्जुन ने कृष्ण को ही क्यों चुना ? ब्रह्माकुमारी रायपुर का शांति सरोवर हो या दुर्ग का आनंद सरोवर हो दोनों अलौकिक स्थान है जहां आने से मन शांति और आनंद से भर जाता है।

कमलेश पवार ने कहा इस भव्य आयोजन के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं है मैं यहां आकर सीखा शुद्धता व पवित्रता ही वह रास्ता है जो हमें परमात्मा से मिला सकता है और ब्रह्माकुमारी संस्था इस प्रयास में निरंतर प्रयासरत है जिसके लिए सभी ब्रह्मकुमारी बहनों को हृदय से धन्यवाद देता हूं। ब्रह्माकुमारीज की मुख्य संचालिका रीटा बहन जी ने कहा, कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हमें अपने जीवन में धर्म को मुख्य महत्व देना चाहिए धर्म अर्थात जीवन की धारणाएं हैं जो कि वास्तविक धर्म है और यह है पवित्रता सुख शांति आनंद प्रेम जो हमें स्वयं भी अच्छी लगती है और हमें दूसरों में भी यह अच्छी लगती है।

रूपाली बहन जी ने कहा, कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हमें भगवान कृष्ण की 16 कला की बातें सीखनी चाहिए। कृष्ण समग्र विश्व में ऐसे युग पुरुष हुए हैं जिनका हर कर्म कलायुक्त होता था जिसे ही 16 कला संपूर्ण कहा जाता है जब हम परमात्मा की याद में हर कर्म करते हैं तो हमारा हर कर्म कलायुक्त अर्थात विशिष्ट होता है जिसे देखकर दूसरों को लगता है कि इस कर्म की पुन: पुनरावृति करें।

ध्वनि एवं प्रकाश से सुस्सजित कृष्ण लीलाओं की अनूठी झांकी 25, 26, और 27 अगस्त को आयोजित है, जिसका समय संध्या 6.30 बजे से रात्रि 10.30 बजे तक है।

इसके अलावा, 28 अगस्त से सात दिवसीय नि:शुल्क राजयोग शांति अनुभूति शिविर का आयोजन किया गया है। जिसका समयप्रात: 7.30 से 8.30 बजे एवं शाम 6.30 से 7.30 बजे तक रहेगा कोई भी 1 घंटे का समय सुनिश्चित कर शिविर में भाग ले नि:शुल्क रूप से राजयोग मेडिटेशन सीख सकते हैं जो कि तनाव मुक्त एवं सुख शांति में जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।


अन्य पोस्ट