दुर्ग
भाजपा एक-एक समाज को कर रही है टारगेट-पूर्व सीएम भूपेश बघेल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,25 अगस्त। बलौदाबाजार में आगजनी व तोडफ़ोड़ मामले में भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला गया। कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है।
दुर्ग जिला मुख्यालय में भी धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता काफी मुखर रहे। यहां धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। धरना में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य की भाजपा सरकार की तानाशाही रवैय्ये की जमकर आलोचना की गई। इस दौरान भूपेश बघेल व देवेन्द्र यादव जिंदाबाद के नारों से धरना स्थल गुंजायमान रहा। विधायक देवेन्द्र समर्थक व कांग्रेस कार्यकर्ता देवेन्द्र के समर्थन में नारे लिखे पोस्टर व तख्तियां लेकर धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस, युवा कांग्रेस व एनएसयूआई का झंडा लहराता रहा। हिन्दी भवन गांधी प्रतिमा के सामने धरना उपरांत कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता ज्ञापन सौंपने रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट की ओर कूच किए।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश से रोकने जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा बेरीकेट्स के माध्यम से तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी,लेकिन आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ ने पहले लेयर की सुरक्षा को फांदते हुए कलेक्ट्रेट परिसर की ओर बढऩे का प्रयास किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल से कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई। दूसरी लेयर की बेरीकेट्स के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस बल द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद रोका गया। फलस्वरुप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार,जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। कांग्रेस की मांगों में विधायक देवेन्द्र यादव की नि:शर्त रिहाई,बलौदाबाजार घटना की सीबीआई जांच व अन्य मांगे शामिल है।
इसके पहले धरना को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की भाजपा सरकार के तानाशाही के खिलाफ जमकर हुंकार भरी। श्री बघेल ने कहा कि बलौदाबाजार में मई माह में सतनामी समाज के आराध्य जैतखंभ को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षति पहुंचाए जाने की घटना सामने आई थी, लेकिन घटना के सही आरोपी अभी तक पकड़े नहीं गए है। घटना को लेकर सतनामी समाज द्वारा सीबीआई जांच की मांग की गई थी,लेकिन राज्य की भाजपा सरकार के षडय़ंत्र व पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के कारण मामला अभी भी वहीं खड़ा हुआ है। इस मुद्दे पर 10 जून को सतनामी समाज शांतिपूर्वक ज्ञापन सौंपने बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट पहुंचा था। हजारों की संख्या में भीड़ थी,लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त व्यवस्था नहीं किए गए थे। भीड़ में असमाजिक तत्व भी घुस आए थे। इस बीच कलेक्ट्रेट व एसपी कार्यालय में आगजनी व तोडफ़ोड़ की घटना घटित हो गई। भीड़ में नागपुर से भी लोग शामिल हुए थे,लेकिन नागपुर से आए लोग कौन थे, इसका पुलिस प्रशासन आज तक पता नहीं लगा पाई है, लेकिन मामले में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व सतनामी समाज के लोगों को पुलिस लगातार गिरफ्तार कर रही है,लेकिन कांग्रेस के लोग इससे भयभीत होने वाले नहीं है। प्रशासन व पुलिस भाजपा सरकार के एजेेंट के रुप में काम कर रही है।
श्री बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के डराने-धमकाने से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है। कांग्रेस हर मुद्दों पर भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी। श्री बघेल ने कहा कि बलौदाबाजार घटना की जांच को राज्य सरकार ने अभी तक सीबीआई के सुपूर्द नहीं किया है। जब राज्य सरकार कवर्धा व बिरनपुर की घटना को जांच के लिए सीबीआई को सौंप सकती है,तो बलौदाबाजार की घटना को जांच के लिए सीबीआई को क्यों नहीं दिया जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि राज्य की भाजपा सरकार मामले में कुछ छिपा रही है। श्री बघेल ने बलौदाबाजार घटना की सीबीआई जांच की मांग की है।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजेन्द्र साहू, महापौर धीरज बाकलीवाल, निर्मल कोसरे, मुकेश चंद्राकर, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, सभापति राजेश यादव, पार्षद प्रकाश जोशी, अलताफ अहमद, जिला शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष आयुष शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव अय्यूब खान, संदीप वोरा, दीपक दुबे, प्रकाश गीते, जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत देशमुख, प्रदेश एनएसयूआई उपाध्यक्ष सोनू साहू, युकां नेता सुमीत पवार, नासिर खोखर, निखिल खिचरिया,कांग्रेस नेता अतुलचंद साहू, नीता लोधी, मोहन हरमुख, राजकुमार वर्मा, सुमीत वोरा, राहुल शर्मा के अलावा जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।